Korba Viral Video : कोरबा, छत्तीसगढ़। कोरबा जिले के कुसमुंडा क्षेत्र में स्थित आउटसोर्सिंग कंपनी नीलकंठ के परिसर से एक सनसनीखेज वीडियो वायरल हुआ है, जिसमें कंपनी में तैनात महिला बाउंसर एक युवक के साथ बेरहमी से मारपीट करती और उसे घसीटती दिख रही हैं। यह घटना भू-विस्थापितों के विवादों को निपटाने के लिए बुलाई गई महिला बाउंसरों की कार्यशैली पर गंभीर सवाल खड़े करती है।
Korba Viral Video : क्या है पूरा मामला?
नीलकंठ कंपनी में हेल्पर के तौर पर काम करने वाले पीड़ित युवक समीर पटेल ने बताया कि वह जटराज का भू-विस्थापित निवासी है और तीन साल से कंपनी में कार्यरत है। कंपनी ने उसे प्रमोशन का आश्वासन दिया था, लेकिन अब लगातार उसे घुमाया जा रहा है। इसी बात को रखने के लिए वह ऑफिस पहुंचा था, जहाँ महिला बाउंसरों ने उसके साथ यह अभद्रता की।
कंपनी और बाउंसरों पर आरोप:
- कंपनी का दावा: नीलकंठ कंपनी का कहना है कि युवक नशे में था और उसने मारपीट की थी, जिसके बाद बाउंसरों ने उसे रोका।
- युवक का आरोप: युवक ने खुद को परेशान किए जाने का आरोप लगाया है।
इस घटना के बाद कंपनी की शिकायत पर युवक समीर पटेल के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है।
पहले भी वायरल हुई थी दबंगई:
यह पहली बार नहीं है जब इन लेडी बाउंसरों का वीडियो वायरल हुआ है। इससे पहले भी महिलाओं के साथ अभद्रता का वीडियो सामने आ चुका है, और अब यह नया वीडियो उनकी ‘दबंगई’ को उजागर कर रहा है।
READ MORE : MP Top 5 Breaking : लाड़ली बहनों की किस्त से लेकर पोलियो अभियान तक एमपी की सुबह की 5 बड़ी खबरें….
आंदोलन की चेतावनी:
इस घटना से स्थानीय लोगों में आक्रोश फैल गया है। कुसमुंडा महतारी अंगना में हुई बैठक में नीलकंठ कंपनी द्वारा बाहरी व्यक्तियों की भर्ती करने और स्थानीय लोगों की उपेक्षा करने का भारी विरोध किया गया। बैठक में महिला बाउंसरों को रखने के खिलाफ भी आवाज उठी और चेतावनी दी गई है कि यदि कंपनी और बाउंसरों के खिलाफ जल्द कार्रवाई नहीं हुई, तो बड़ा आंदोलन शुरू किया जाएगा। सोशल मीडिया पर भी 150 से अधिक लोगों ने कमेंट कर कंपनी और बाउंसरों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।











