Kondagaon Meritorious Students Honor : साइकिल से 5 KM का सफर और खेती में हाथ बंटाना: संसाधनों के अभाव में कैसे चमकीं बारदा की दो सगी बहनें…

0
213

Kondagaon Meritorious Students Honor : रोशन सेन-कोंडागांव/माकड़ी: जिले में शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों के लिए जिला कार्यालय में एक विशेष सम्मान समारोह आयोजित किया गया. वर्ष 2025-26 की बोर्ड परीक्षाओं में 85 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त करने वाले 179 मेधावी छात्र-छात्राओं को कलेक्टर श्रीमती नूपुर राशि पन्ना द्वारा सम्मानित किया गया. इस अवसर पर कलेक्टर ने विद्यार्थियों को शाल, श्रीफल, पेन और डायरी भेंट कर उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की.

संघर्ष से सफलता तक: राठौर बहनों की प्रेरणादायी कहानी समारोह में कोंगुड़ स्थित स्वामी आत्मानंद स्कूल की दो सगी बहनों, यशोदा और सुनीता राठौर की सफलता चर्चा का विषय रही. ग्राम बारदा निवासी यशोदा ने 12वीं में 90.8% और छोटी बहन सुनीता ने 10वीं में 95.16% अंक प्राप्त कर जिले का नाम रोशन किया है. साधारण आर्थिक पृष्ठभूमि से आने वाली इन बेटियों ने संसाधनों की कमी को कभी अपनी कमजोरी नहीं बनने दिया. सुनीता ने बताया कि स्कूल घर से 5 किलोमीटर दूर होने के बावजूद वह प्रतिदिन साइकिल या पैदल ही स्कूल जाती थी और पढ़ाई के साथ-साथ घर व खेती के कार्यों में भी हाथ बटाती थी.

लगन और अनुशासन ही सफलता की कुंजी: कलेक्टर श्रीमती पन्ना ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि निरंतर मेहनत और लक्ष्य के प्रति समर्पण ही आपको ऊंचाइयों तक ले जाएगा. उन्होंने शिक्षकों और अभिभावकों की भूमिका की भी सराहना की. इस गरिमामय कार्यक्रम में अपर कलेक्टर श्री चित्रकांत चार्ली ठाकुर, जिला शिक्षा अधिकारी श्रीमती भारती प्रधान सहित अन्य विभागीय अधिकारी और प्राचार्य उपस्थित रहे.

Share The News

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here