Khamtrai Transport Nagar Raid : रायपुर (13 फरवरी 2026): राजधानी रायपुर में अवैध गुटखा और तंबाकू के अवैध कारोबार के खिलाफ पुलिस ने अब तक की सबसे बड़ी कार्यवाहियों में से एक को अंजाम दिया है। खमतराई थाना क्षेत्र के ट्रांसपोर्ट नगर स्थित एक बड़े गोदाम में दबिश देकर संयुक्त टीम ने भारी मात्रा में प्रतिबंधित सामग्री बरामद की है।
दाम बढ़ने के बीच कालाबाजारी की थी तैयारी
जानकारी के अनुसार, पुलिस को लगातार सूचना मिल रही थी कि गुटखा के दामों में होने वाली संभावित बढ़ोतरी का फायदा उठाने के लिए बड़े पैमाने पर अवैध भंडारण किया जा रहा है। रायपुर नॉर्थ के डीसीपी मयंक गुर्जर के नेतृत्व में क्राइम ब्रांच और स्थानीय पुलिस की संयुक्त टीम ने पुख्ता सूचना के आधार पर ट्रांसपोर्ट नगर के एक संदिग्ध गोदाम पर छापा मारा। छापेमारी के दौरान गोदाम के भीतर का नजारा देखकर पुलिस भी हैरान रह गई। मौके से पुलिस ने:
-
160 बोरी ‘सितार’ ब्रांड का गुटखा।
-
300 बोरी तंबाकू।
-
कुल अनुमानित कीमत: लगभग 20 लाख रुपये।
फूड सेफ्टी विभाग और पुलिस की संयुक्त जांच
कार्रवाई के बाद पूरे माल को जब्त कर गोदाम को सील कर दिया गया है। डीसीपी मयंक गुर्जर ने बताया कि इस मामले में वैधानिक प्रक्रिया शुरू कर दी गई है और फूड सेफ्टी विभाग को भी जांच के लिए बुलाया गया है। विभाग अब इस बात की जांच कर रहा है कि इस स्टॉक का स्रोत क्या है, इसे कहां खपाया जाना था और क्या गोदाम संचालक के पास इसके वैध दस्तावेज हैं।













