बड़वानी। मध्य प्रदेश के कैबिनेट मंत्री कैलाश विजयवर्गीय सोमवार को बड़वानी जिले के ग्राम कासेल पहुंचे। उन्होंने पूर्व गृहमंत्री और राजपुर विधायक बाला बच्चन की सुपुत्री प्रेरणा बच्चन के दुखद निधन पर अपनी गहरी शोक संवेदनाएं प्रकट कीं। राजनीति से ऊपर उठकर मानवीय संवेदनाओं की यह तस्वीर क्षेत्र में चर्चा का विषय बनी हुई है।
अस्पताल से लेकर घर तक शोक का माहौल: कैबिनेट मंत्री विजयवर्गीय का काफिला पहले जुलवानिया पहुंचा, जहां भाजपा कार्यकर्ताओं ने उनकी अगवानी की। इसके बाद वे सीधे बाला बच्चन के निवास ग्राम कासेल के लिए रवाना हुए। विजयवर्गीय ने शोकाकुल परिवार से मुलाकात कर ढांढस बंधाया और दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की।
राजनीति केवल चुनाव तक सीमित – विजयवर्गीय: मीडिया से चर्चा के दौरान कैलाश विजयवर्गीय ने एक महत्वपूर्ण संदेश दिया। उन्होंने कहा, “भाजपा और कांग्रेस केवल चुनाव के मैदान में एक-दूसरे के प्रतिद्वंद्वी होते हैं, बाकी समय हम सब एक हैं।” उन्होंने बाला बच्चन को अपना पुराना मित्र और विधानसभा का साथी बताते हुए कहा कि इस दुख की घड़ी में वे पूरी तरह उनके परिवार के साथ खड़े हैं।











