Janjgir-Champa Crime: जांजगीर-चांपा। छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा जिले में साइबर ठगी के मामलों में इस्तेमाल किए जा रहे म्यूल बैंक खातों के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। साइबर थाना पुलिस ने बैंक खाते और मोबाइल नंबर साइबर ठगों को उपलब्ध कराने के आरोप में 8 लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, इन खातों में देश के कई राज्यों से साइबर ठगी की रकम पहुंची थी। आरोपियों को कमीशन के लालच में बैंक खाते उपलब्ध कराने के बदले 10 हजार से 1 लाख रुपये तक मिलने की बात सामने आई है।
पुलिस मुख्यालय रायपुर के निर्देश पर साइबर पोर्टल पर प्राप्त शिकायतों की जांच के दौरान इन बैंक खातों में संदिग्ध लेनदेन का खुलासा हुआ। जांच में कर्नाटक, पश्चिम बंगाल, हरियाणा, दिल्ली, उत्तर प्रदेश, गुजरात, तेलंगाना, असम, महाराष्ट्र और छत्तीसगढ़ समेत कई राज्यों से साइबर ठगी की शिकायतें सामने आईं। पुलिस के अनुसार, कुछ बैंक खातों के खिलाफ 14 से 15 बार तक शिकायतें दर्ज हुई थीं। इन खातों में लाखों से लेकर करोड़ों रुपये तक के लेनदेन की जानकारी मिली है।
जांच में सामने आया कि आरोपी ग्रामीण बैंक, एक्सिस बैंक, बैंक ऑफ महाराष्ट्र और इंडियन बैंक समेत विभिन्न बैंकों में अपने नाम से खाते खुलवाते थे। इसके बाद अपने नाम से नया सिम कार्ड जारी कराकर बैंक खाते, एटीएम कार्ड और मोबाइल नंबर साइबर ठगों को उपलब्ध कराते थे। इसके बदले उन्हें कमीशन मिलता था। पुलिस के मुताबिक, इन खातों में ठगी की रकम की शुरुआती परत यानी लेयर-1 में भी लेनदेन पाया गया है।
इस मामले में पुलिस ने कलेशराम देवांगन उर्फ छोटू (38), श्यामलाल देवांगन उर्फ राजू (34), लक्ष्मीनारायण पटेल (46), वेमेश आदित्य (38), ज्योति बाई यादव (40), सुरेश कुमार गढ़ेवाल (32), अनिल राठौर (29) और इश्तेखार अहमद (29) को गिरफ्तार किया है। आरोपी जांजगीर-चांपा और बलौदाबाजार-भाटापारा जिले के निवासी बताए गए हैं।
Janjgir-Champa Crime: पुलिस ने आरोपियों से पूछताछ के बाद बैंक पासबुक समेत संबंधित दस्तावेज जब्त किए हैं। उनके बैंक खातों में लाखों रुपये की राशि होल्ड कराई गई है। इस राशि की वापसी के लिए संबंधित राज्यों को सूचना भेजी गई है। मामले में थाना साइबर में अपराध क्रमांक 20/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 61(2), 317(4), 317(5), 318(4), 323 और आईटी एक्ट की धारा 66D के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना की जा रही है। सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
Janjgir-Champa Crime: पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे कमीशन के लालच में अपना बैंक खाता, एटीएम कार्ड या अपने नाम से जारी मोबाइल सिम किसी दूसरे व्यक्ति को न दें। ऐसे खातों या नंबरों का इस्तेमाल साइबर अपराध में होने पर खाताधारक और सिम के मालिक को भी कानूनी कार्रवाई का सामना करना पड़ सकता है।


