जगदलपुर । Jagdalpur News : ऐतिहासिक दलपत सागर तालाब को जलकुंभी के जाल से मुक्त करने के लिए नगर निगम ने एक अनोखा और सस्ता उपाय खोज निकाला है। भारी-भरकम बजट वाली मशीनों के बजाय निगम ने कम लागत में जुगाड़ तकनीक से वीड हार्वेस्टर मशीन तैयार की है, जिसका सफल ट्रायल गुरुवार को तालाब में किया गया। यह मशीन अब तालाब की नियमित सफाई में इस्तेमाल की जाएगी।
Jagdalpur News : गौरतलब है कि पिछली कांग्रेस सरकार के कार्यकाल में इसी तालाब की सफाई के लिए करीब 75 लाख रुपये की लागत से वीड हार्वेस्टर मशीन खरीदी गई थी। उस समय विपक्षी भाजपा ने इस खरीद में बड़े पैमाने पर भ्रष्टाचार के आरोप लगाए थे। अब भाजपा के नगर निगम बोर्ड ने सत्ता में आने के बाद महज कुछ हजार रुपये में एक देसी जुगाड़ तकनीक से मशीन बनाकर एक नया उदाहरण पेश किया है।
महापौर संजय पांडे ने कहा कि निगम की टीम ने सीमित संसाधनों में स्थानीय स्तर पर यह मशीन तैयार की है, जो महंगी मशीनों की तरह ही तालाब की सफाई का काम करेगी। इसका नियमित उपयोग शुरू होते ही दलपत सागर तालाब जलकुंभी की समस्या से मुक्त होगा और शहरवासियों को साफ और सुंदर जलाशय मिलेगा।
नगर निगम की इस पहल को शहर में “कम खर्च, ज्यादा सफाई” की मिसाल के रूप में देखा जा रहा है। निगम अधिकारियों का दावा है कि यह मॉडल अन्य तालाबों और जलाशयों में भी अपनाया जा सकता है, जिससे भारी लागत में खरीदी जाने वाली मशीनों पर निर्भरता खत्म होगी और पारदर्शिता बनी रहेगी।











