Wednesday, August 19, 2026
Home Madhya Pradesh Jabalpur Jabalpur Students Protest : एकलव्य छात्रावास की छात्राएं सड़कों पर, प्रिंसिपल पर...

Jabalpur Students Protest : एकलव्य छात्रावास की छात्राएं सड़कों पर, प्रिंसिपल पर ‘जूते से मारने’ की धमकी और भूखा रखने के गंभीर आरोप

Jabalpur Students Protest : जबलपुर: संस्कारधानी जबलपुर के रामपुर स्थित एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय (छात्रवास) में उस समय हड़कंप मच गया, जब वहां रहने वाले सैकड़ों छात्र-छात्राएं स्कूल प्रबंधन के खिलाफ लामबंद होकर सड़कों पर उतर आए। छात्रों का गुस्सा प्रिंसिपल की कार्यप्रणाली और उनके द्वारा किए जा रहे कथित दुर्व्यवहार को लेकर फूटा है।

प्रिंसिपल पर अभद्रता और शोषण के आरोप

प्रदर्शन कर रहे छात्र-छात्राओं ने प्रिंसिपल अविनाश रानी पर बेहद गंभीर आरोप लगाए हैं। छात्राओं का कहना है कि प्रिंसिपल उन्हें जूते से मारने की धमकी देती हैं और उनके साथ अभद्र भाषा का प्रयोग किया जाता है। इसके अलावा, छात्रों ने भोजन की गुणवत्ता और मात्रा पर भी सवाल उठाए हैं। छात्रों का आरोप है कि उन्हें दिन भर में केवल एक समय का खाना दिया जा रहा है, जिससे उनकी सेहत और पढ़ाई दोनों प्रभावित हो रही है।

कलेक्ट्रेट कूच को प्रशासन ने बीच में रोका

छात्रावास की बदहाली से परेशान छात्र अपनी शिकायत लेकर पैदल ही कलेक्ट्रेट कार्यालय की ओर कूच कर रहे थे। छात्रों के सड़क पर उतरने की खबर मिलते ही जिला प्रशासन में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही प्रशासनिक और वरिष्ठ शिक्षा अधिकारी मौके पर पहुंचे और छात्रों को रास्ते में ही रोककर उनकी समस्याएं सुनीं।

जांच और कार्रवाई का आश्वासन

मौके पर मौजूद अधिकारियों ने छात्रों को शांत कराया और उनकी हर एक शिकायत को लिखित में दर्ज किया। वरिष्ठ अधिकारियों ने छात्रों को आश्वस्त किया है कि प्रिंसिपल के खिलाफ लगाए गए दुर्व्यवहार और भोजन की कमी के आरोपों की उच्च स्तरीय जांच कराई जाएगी। दोषी पाए जाने पर प्रिंसिपल के खिलाफ सख्त दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी। अधिकारियों के भरोसे के बाद छात्र वापस लौटे, लेकिन उन्होंने चेतावनी दी है कि यदि जल्द सुधार नहीं हुआ तो वे उग्र आंदोलन करेंगे।

Share The News

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here