तेहरान/यरुशलम। Israel-Iran War : पश्चिम एशिया में तनाव ने विस्फोटक मोड़ ले लिया है। इजरायल ने शुक्रवार को ईरान पर अब तक का सबसे बड़ा सैन्य हमला करते हुए तेहरान समेत कई शहरों में मिसाइल और बमबारी की। इस हमले में ईरान की कई मिलिट्री और न्यूक्लियर साइट्स को भारी नुकसान पहुंचा है।
Israel-Iran War : इजरायल डिफेंस फोर्स (IDF) ने दावा किया है कि इस ऑपरेशन में ईरान के रिवोल्यूशनरी गार्ड्स के चीफ कमांडर हुसैन सलामी की मौत हो गई है। ईरानी मीडिया ने भी उनकी मौत की पुष्टि कर दी है। इसके अलावा कई वरिष्ठ परमाणु वैज्ञानिक और शीर्ष सैन्य अधिकारी भी इस हमले में मारे गए हैं।
इजरायल के इस बड़े हमले के बाद तेहरान में हड़कंप मच गया है। राजधानी के कई इलाकों में धमाकों की गूंज सुनाई दी और अफरा-तफरी मच गई। चश्मदीदों के मुताबिक, कई सरकारी इमारतों और सैन्य बेस पर सीधा हमला किया गया।
ईरान ने हमले को “घोषित युद्ध” करार देते हुए जवाबी कार्रवाई की चेतावनी दी है। इसके बाद इजरायल ने पूरे देश में आपातकाल (इमरजेंसी) घोषित कर दी है और सभी सीमाओं पर हाई अलर्ट जारी कर दिया गया है।
पश्चिमी देशों की नजर इस पूरे घटनाक्रम पर बनी हुई है, क्योंकि यह संघर्ष अब सीधे परमाणु युद्ध की ओर बढ़ता दिखाई दे रहा है। संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद ने आपात बैठक बुलाई है। अंतरराष्ट्रीय समुदाय की चिंता इस बात को लेकर बढ़ गई है कि कहीं यह टकराव एक क्षेत्रीय युद्ध में न बदल जाए।













