काठमांडू। China Sichuan Earthquake Impact Nepal Flood Alert दक्षिण-पश्चिम चीन के सिचुआन प्रांत में 5.1 तीव्रता के भूकंप के बाद पड़ोसी देश नेपाल में फिर से बाढ़ का खतरा गहरा गया है। चीन अर्थक्वेक नेटवर्क्स सेंटर के अनुसार, भूकंप का केंद्र सिचुआन प्रांत के लोंगचांग शहर में जमीन से करीब 13 किलोमीटर की गहराई पर दर्ज किया गया। इस प्राकृतिक घटना के तुरंत बाद तिब्बत की ओर एक जल बांध के टूटने की खबर आई, जिसके बाद नेपाल पुलिस ने त्रिशूली और आसपास के तटीय इलाकों में रहने वाले नागरिकों के लिए हाई अलर्ट जारी कर दिया है।
सुरक्षा एजेंसियों ने त्रिशूली इलाके को खाली कराने की कवायद शुरू कर दी है। नेपाल पुलिस ने आम लोगों, राहत कर्मियों और बचाव दलों से तुरंत नदी के निचले हिस्सों से हटकर ऊंचे व सुरक्षित स्थानों पर जाने की अपील की है। जलस्तर में अचानक हो रही बढ़ोतरी को देखते हुए त्रिशूली से रसुवा की तरफ चल रहे सड़क निर्माण कार्य को तत्काल प्रभाव से रोक दिया गया है और निर्माण में जुटी भारी मशीनों को वापस बुला लिया गया है।
Read More : MP News: जबलपुर में ‘दीदी’ शब्द पर बवाल, कार के आगे अड़ी युवती और थम गया पूरा ट्रैफिक
क्षेत्र में भारी तबाही के कारण आवाजाही बुरी तरह प्रभावित हुई है। रसुवा जाने वाले मुख्य मार्ग पर जगह-जगह भारी मलबा जमा हो गया है और सड़कें क्षतिग्रस्त हो चुकी हैं। नेपाल के हाउस ऑफ रिप्रेजेंटेटिव्स में विपक्ष के नेता भीष्म राज अंगदेम्बे के अनुसार, दुर्गम भौगोलिक स्थिति और खराब मौसम के बावजूद सेना राहत अभियान में जुटी हुई है। राहत एवं बचाव कार्यों में नेपाली सेना के दो हेलीकॉप्टरों के साथ-साथ निजी कंपनियों के हेलीकॉप्टरों को भी तैनात किया गया है।
नेपाल पुलिस द्वारा जारी ताजा आंकड़ों के अनुसार, देश में हालिया बाढ़ और प्राकृतिक आपदा से मरने वालों की संख्या बढ़कर 469 तक पहुंच गई है, जबकि 1,545 से अधिक घायल लोगों का रेस्क्यू कर इलाज कराया जा रहा है। आंकड़ों के मुताबिक सबसे अधिक 178 शव चितवन जिले से बरामद किए गए हैं। इसके अलावा नवलपरासी ईस्ट, गोरखा, नुवाकोट, धादिंग, तनहुं, नवलपरासी वेस्ट और रसुवा जिलों में भी भारी जान-माल का नुकसान हुआ है। प्रशासन लगातार स्थितियों की समीक्षा कर रहा है।





