निशानेबाज न्यूज़ डेस्क : इंदौर में मुख्यमंत्री के प्रस्तावित दौरे से पहले देर रात बड़ा प्रशासनिक फेरबदल किया गया। कलेक्टर शिवम वर्मा ने आदेश जारी कर जूनी इंदौर के एसडीएम प्रदीप सोनी को देपालपुर स्थानांतरित कर दिया। उनके पास से कॉलोनी सेल का प्रभार भी वापस ले लिया गया है।
शिकायतों के बाद हुई कार्रवाई
सूत्रों के अनुसार एसडीएम प्रदीप सोनी के खिलाफ लगातार शिकायतें मिल रही थीं। भूमाफियाओं से कथित सांठगांठ और जमीन संबंधी मामलों में अनियमितताओं के आरोप लगाए गए थे। जांच के दौरान लापरवाही सामने आने के बाद यह कदम उठाया गया।
SDM SAS work distribution order 21.02.26
करोड़ों की जमीन का मामला
बताया जा रहा है कि करोड़ों रुपए की बेशकीमती सीलिंग जमीन को सरकारी दस्तावेजों में हेरफेर कर निजी व्यक्ति के नाम दर्ज करने की शिकायत की गई थी। आरोप यह भी है कि कलेक्टर की रोक के बावजूद संबंधित आदेश जारी किए गए। उसी जमीन पर वर्तमान में चंद्र लीला होटल और गार्डन संचालित है।
पहले भी हुई थी कार्रवाई
इस मामले में जांच पिछले कुछ दिनों से जारी थी। इससे पहले जूनी इंदौर के तहसीलदार, पटवारी और आरआई को भी हटाया जा चुका है। अब एसडीएम स्तर पर कार्रवाई को बड़ा प्रशासनिक संदेश माना जा रहा है।
नई नियुक्तियां
आदेश के अनुसार अब घनश्याम धनगर जूनी इंदौर के नए एसडीएम होंगे। वहीं कॉलोनी सेल का प्रभार एसडीएम रोशनी पाटीदार को सौंपा गया है।
जीरो टॉलरेंस नीति का असर
राज्य सरकार की जीरो टॉलरेंस नीति के तहत भ्रष्टाचार और भूमाफिया से सांठगांठ के मामलों में सख्त रुख अपनाया जा रहा है। इंदौर में हुई यह कार्रवाई प्रशासनिक सख्ती का संकेत मानी जा रही है।











