इंदौर। इंदौर के संजय सेतु के पास स्थित एक मंदिर की मूर्तियां कान्ह नदी के नाले में फेंक दी गईं, जिससे स्थानीय लोगों और बजरंग दल के कार्यकर्ताओं में भारी आक्रोश फैल गया। घटना से मंदिर परिसर और आसपास के इलाके में तनाव का माहौल बना रहा।
Read More : CG News : अस्पताल में नवजात बच्ची को छोड़कर भागी महिला, पुलिस तलाश में जुटी
सुबह श्रद्धालु जब मंदिर पहुंचे तो उन्होंने देखा कि मंदिर की मूर्तियां गायब हैं। तलाशी के दौरान मूर्तियां नाले में मिलीं, जिससे मामला स्पष्ट हुआ कि कोई अज्ञात व्यक्ति जानबूझकर मूर्तियां नाले में फेंककर अपमानित करने का प्रयास कर रहा है।
दो दिन पहले इसी मंदिर पर मवेशियों के अवशेष पाए गए थे। उस समय भी अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई थी। इस बार की घटना के बाद बजरंग दल के कार्यकर्ता एमजी रोड थाने पर जमा हुए और आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।
सेंट्रल कोतवाली थाना प्रभारी ने स्थानीय लोगों और बजरंग दल के कार्यकर्ताओं को आश्वासन दिया कि सात दिन के भीतर आरोपियों को पकड़ लिया जाएगा। पुलिस ने शिकायती आवेदन लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है और आसपास के CCTV फुटेज खंगाले जा रहे हैं।
Read More : EC का जवाब : ज्ञानेश कुमार का बड़ा बयान – सही प्रक्रिया के बिना वोट चोरी के आरोप अनुचित
पुलिस पूरे मामले की गहनता से जांच कर रही है और मंदिर परिसर की सुरक्षा व्यवस्था को भी कड़ा किया गया है। स्थानीय प्रशासन ने आम नागरिकों से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की तुरंत जानकारी पुलिस को दें।











