Indore Municipal Corporation News : इंदौर। शहर के द्वारकापुरी थाना क्षेत्र स्थित नगर निगम जोन नंबर 14 के कार्यालय में शनिवार शाम उस समय भारी हंगामा खड़ा हो गया, जब एक युवक ने नशे की हालत में परिसर के भीतर उत्पात मचाना शुरू कर दिया। इस दौरान नगर निगम के कर्मचारियों द्वारा युवक के साथ की गई मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मामला गरमा गया है।
मानसिक रूप से अस्वस्थ है युवक पुलिस द्वारा हिरासत में लिए गए युवक की पहचान ऋषि पैलेस कॉलोनी निवासी मनोज उर्फ गोलू (पुत्र शंकर राव भोंडवे) के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि मनोज की मानसिक स्थिति ठीक नहीं है। शनिवार को वह नशे की हालत में जोन ऑफिस में घुस गया और काफी देर तक हंगामा करता रहा। इस दौरान वह जोन अध्यक्ष और पार्षद शानू शर्मा की गाड़ी के आगे लेट गया और निगम के वाहनों में तोड़फोड़ का प्रयास भी किया।
निगम कर्मियों ने खोया आपा प्रत्यक्षदर्शियों और वायरल वीडियो के अनुसार, जब मनोज ने वहां मौजूद मस्टरकर्मी भरत पर हमला करने की कोशिश की, तो निगम कर्मचारियों ने कानून हाथ में ले लिया। एक कर्मचारी ने मनोज के सिर पर डंडे से वार किया, जबकि अन्य कर्मचारियों ने उसे जमीन पर गिराकर लात-घूंसों से पीटा। वीडियो में कर्मचारी निहत्थे युवक पर बुरी तरह प्रहार करते नजर आ रहे हैं।
पुलिस की कार्रवाई घटनास्थल के ठीक पास थाना होने के बावजूद पुलिस काफी देर बाद मौके पर पहुँची। पुलिस का कहना है कि उस समय अधिकांश बल और वरिष्ठ अधिकारी दशहरा मैदान में वीआईपी ड्यूटी पर तैनात थे। फिलहाल पुलिस ने मनोज को हिरासत में ले लिया है और मामले की जांच की जा रही है। सोशल मीडिया पर लोग निगम कर्मियों की इस हिंसक प्रतिक्रिया की आलोचना कर रहे हैं।









