इंदौर में भीषण अग्निकांड: घर में लगी आग, 7 लोगों की जिंदा जलकर मौत, EV से शॉर्ट सर्किट की आशंका

Rahul Goshwami

इंदौर: मध्य प्रदेश के इंदौर शहर में एक दर्दनाक हादसा सामने आया है, जहां घर में लगी भीषण आग के कारण 7 लोगों की जिंदा जलकर मौत हो गई। इस घटना ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक आग लगने की वजह इलेक्ट्रिक व्हीकल (EV) से जुड़ी बताई जा रही है, हालांकि आधिकारिक पुष्टि अभी बाकी है।

तिलक नगर क्षेत्र में हुआ हादसा

यह घटना तिलक नगर थाना क्षेत्र के छोटा राजवाड़ा के पास प्रीति नगर की बताई जा रही है। जानकारी के अनुसार, घर के अंदर खड़ी एक कार में अचानक आग लग गई, जिसने देखते ही देखते पूरे मकान को अपनी चपेट में ले लिया।

इस हादसे में मकान मालिक मनोज पुगलिया सहित कुल 7 लोगों की मौत हो गई, जबकि 3 लोग किसी तरह जान बचाकर बाहर निकलने में सफल रहे।

तेजी से फैली आग, बचाव का मौका नहीं मिला

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक आग इतनी तेजी से फैली कि घर में मौजूद लोगों को बाहर निकलने का मौका ही नहीं मिला। कुछ ही मिनटों में पूरा मकान आग की लपटों में घिर गया और अंदर फंसे लोग बाहर नहीं निकल सके।आग की भयावहता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि पूरा घर जलकर खाक हो गया।

Read More : रायपुर : रामकृष्ण अस्पताल में बड़ा हादसा, गटर की सफाई के दौरान जहरीली गैस से 3 सफाईकर्मियों की मौत, परिजनों का हंगामा

मौके पर पहुंचे आला अधिकारी

घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग, पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंच गई। पुलिस कमिश्नर और कलेक्टर सहित कई वरिष्ठ अधिकारी देर रात से ही मौके पर मौजूद रहे और राहत एवं बचाव कार्यों की निगरानी करते रहे।

फायर ब्रिगेड की कई गाड़ियां जुटीं

आग बुझाने के लिए फायर ब्रिगेड की पांच से अधिक गाड़ियां मौके पर तैनात की गईं। दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।

अब तक 6 शवों को बाहर निकाला जा चुका है, जबकि एसडीईआरएफ (SDRF) की टीम द्वारा रेस्क्यू ऑपरेशन जारी है।

जांच में जुटा प्रशासन

प्रारंभिक जांच में आग लगने की वजह इलेक्ट्रिक व्हीकल में शॉर्ट सर्किट या बैटरी फेल होना बताया जा रहा है। हालांकि, प्रशासन ने कहा है कि पूरे मामले की विस्तृत जांच की जा रही है और फॉरेंसिक टीम को भी मौके पर बुलाया गया है।जांच रिपोर्ट आने के बाद ही आग लगने की वास्तविक वजह स्पष्ट हो पाएगी।

इलाके में पसरा मातम

इस दर्दनाक हादसे के बाद पूरे इलाके में शोक और दहशत का माहौल है। स्थानीय लोग घटना से स्तब्ध हैं और पीड़ित परिवार के प्रति संवेदना जता रहे हैं।

यह हादसा एक बार फिर घर में सुरक्षा उपायों और इलेक्ट्रिक उपकरणों की सतर्कता को लेकर गंभीर सवाल खड़े करता है।

Share The News
Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *