Raksha Bandhan 2026: भोपाल। रक्षाबंधन के त्योहार से पहले डाक विभाग ने भाई-बहनों के लिए पार्सल भेजने की प्रक्रिया को और आसान बना दिया है। अब अगर भाई या बहन किसी दूसरे शहर में रहते हैं और रक्षाबंधन पर एक-दूसरे से मिलना संभव नहीं है, तो घर बैठे राखी, लेटर या अन्य सामान भेजा जा सकेगा। इसके लिए भोपाल डाक संभाग ने ‘क्लिक एंड बुक’ सेवा शुरू की है।
इस सुविधा की सबसे बड़ी खासियत यह है कि ग्राहक को पार्सल लेकर डाकघर जाने और लंबी कतार में खड़े होने की जरूरत नहीं होगी। ऑनलाइन बुकिंग पूरी करने के बाद पोस्टमैन ग्राहक के घर पहुंचकर पार्सल कलेक्ट करेगा।
राखी से लेकर जरूरी सामान तक भेज सकेंगे
‘क्लिक एंड बुक’ सुविधा के तहत ग्राहक स्पीड पोस्ट या पार्सल बुक कर सकते हैं। रक्षाबंधन के मौके पर बहनें इस सुविधा का इस्तेमाल अपने भाइयों को राखी भेजने के लिए कर सकती हैं। इसके अलावा लेटर और अन्य सामान भी पार्सल के माध्यम से भेजा जा सकेगा।यह सुविधा खासतौर पर उन लोगों के लिए उपयोगी होगी, जिनके भाई या बहन दूसरे शहर में रहते हैं और त्योहार पर उनके साथ मौजूद रहना संभव नहीं है।
एक बार में 5 आर्टिकल और 5 किलो तक वजन
Raksha Bandhan 2026: डाक विभाग के मुताबिक, एक बार में अधिकतम 5 आर्टिकल बुक किए जा सकते हैं। इन सभी आर्टिकल का कुल वजन 5 किलो से अधिक नहीं होना चाहिए।पिकअप चार्ज की बात करें तो यदि पोस्टेज की राशि 500 रुपये से कम है, तो ग्राहक से 50 रुपये पिकअप शुल्क लिया जाएगा। वहीं पोस्टेज 500 रुपये से अधिक होने पर पिकअप के लिए अलग से कोई शुल्क नहीं देना होगा।
घर बैठे ऐसे करें ‘क्लिक एंड बुक’ बुकिंग
इस सुविधा का लाभ लेने के लिए ग्राहकों को ऑनलाइन प्रक्रिया पूरी करनी होगी।
पहला कदम: इंडिया पोस्ट की वेबसाइट पर जाकर अपना अकाउंट बनाना होगा।
दूसरा कदम: अकाउंट में लॉगइन करने के बाद ‘Click and Book’ विकल्प पर जाना होगा।
तीसरा कदम: यहां स्पीड पोस्ट या पार्सल की सुविधा का चयन करना होगा।
चौथा कदम: पार्सल पाने वाले व्यक्ति का नाम, मोबाइल नंबर और सामान के वजन सहित जरूरी जानकारी दर्ज करनी होगी।
पांचवां कदम: ऑनलाइन भुगतान करने के बाद ट्रांजैक्शन आईडी जनरेट होगी।
छठा कदम: भुगतान पूरा होने के बाद पोस्टमैन निर्धारित प्रक्रिया के तहत ग्राहक के घर पहुंचकर पार्सल कलेक्ट करेगा।
डाकघर की लाइन से मिलेगी राहत
Raksha Bandhan 2026: डाक विभाग की इस सुविधा से ग्राहकों को खासकर त्योहारों के दौरान डाकघर में होने वाली भीड़ और लंबी कतार से राहत मिलेगी। रक्षाबंधन जैसे त्योहार पर बड़ी संख्या में लोग राखियां और उपहार दूसरे शहरों में भेजते हैं। ऐसे में घर से ही बुकिंग और पिकअप की सुविधा लोगों के लिए काफी सुविधाजनक साबित हो सकती है।
पिकअप के लिए तय समय का रखें ध्यान
Raksha Bandhan 2026: ‘क्लिक एंड बुक’ सुविधा के तहत घर से पार्सल कलेक्शन के लिए निर्धारित समय स्लॉट का ध्यान रखना होगा। उपलब्ध जानकारी के अनुसार पिकअप की सुविधा सुबह 10 बजे से दोपहर 1 बजे और इसके बाद दूसरे निर्धारित स्लॉट में उपलब्ध कराई जाएगी।यानी अब रक्षाबंधन पर दूर बैठे भाई या बहन तक राखी पहुंचाने के लिए डाकघर की कतार में लगने की जरूरत नहीं होगी। ऑनलाइन बुकिंग करें और घर से ही राखी या पार्सल पोस्टमैन को सौंप दें।






