Illegal celebrations on the road : बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले से हाईवे पर असामाजिक गतिविधि का मामला सामने आया है। यहां कुछ रसूखदार युवकों के गैंग ने नेशनल हाईवे पर तीन कारें रोककर बर्थडे सेलिब्रेशन किया। युवकों ने कार के बोनट पर केक रखा और जमकर आतिशबाजी के साथ जन्मदिन मनाया।
घटना की सूचना मिलने पर पुलिस की टीम तुरंत मौके पर पहुंची और सड़क पर केक काटते हुए करीब दर्जनभर युवकों को दबोच लिया। युवकों के खिलाफ सार्वजनिक जगह पर वाहन रोककर यातायात बाधित करने और कार के ऊपर जन्मदिन मनाने के मामले में धारा 285 बीएनएस एवं मोटर व्हीकल एक्ट की धाराओं 119/177 और 122/177 के तहत केस दर्ज किया गया। इसके साथ ही तीनों वाहन भी जब्त कर लिए गए।
Illegal celebrations on the road : पुलिस ने सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर थाने लाया और उनके खिलाफ अतिरिक्त प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की। साथ ही, आरोपियों के वाहन चालकों के लाइसेंस निलंबित करने के लिए आरटीओ कार्यालय को रिपोर्ट भेजी गई है।
जानकारी के अनुसार, जन्मदिन का जश्न मना रहे युवक सुजल देवांगन थे, जो कांग्रेस नेता के बेटे बताए जा रहे हैं। उनके साथ रसूखदार कारोबारियों के बेटे भी शामिल थे। पुलिस पूछताछ में सागर मनचंद, राजवीर हुरा, प्रिंस गागवानी, साहिल सचदेव, उत्कर्ष खरे, मुस्तफा लक्ष्मीधर, पीयूष जायसवाल, पीयूष शिवहरे, रोशन मंगलानी, पल आहुजा और शुभम साहू जैसे नाम सामने आए हैं।
Illegal celebrations on the road : पुलिस ने चेतावनी दी है कि इस तरह के असामाजिक और खतरनाक व्यवहार पर सख्त कार्रवाई की जाएगी, ताकि हाईवे और सार्वजनिक स्थानों पर सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।
यह मामला हाईवे पर नियमों की अवहेलना और व्यक्तिगत रसूख के आधार पर कानून को चुनौती देने की गंभीर घटना के रूप में देखा जा रहा है।













