ग्वालियर। शहर के थाटीपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत दर्पण कॉलोनी में एक सनसनीखेज घटना सामने आई है, जहां घरेलू विवाद के बाद एक पति ने अपनी ही पत्नी की गोली मारकर हत्या कर दी। घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है, वहीं पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी पति को हिरासत में ले लिया है।
खाना बनाने से इंकार पर बढ़ा विवाद
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार मृतका रुचि तोमर बीमार थीं और उन्होंने खाना बनाने से इंकार कर दिया था। इसी बात को लेकर पति सोनू तोमर से उनका विवाद हो गया। बताया जा रहा है कि विवाद धीरे-धीरे इतना बढ़ गया कि आरोपी ने आपा खो दिया और पत्नी पर गोली चला दी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
शराब के नशे में दिया वारदात को अंजाम
पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि घटना के समय आरोपी पति शराब के नशे में था। नशे की हालत में उसने इस खौफनाक कदम को अंजाम दिया। वारदात के बाद आसपास के लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी को हिरासत में ले लिया गया।
पुलिस कर रही गहन पूछताछ
थाटीपुर थाना पुलिस आरोपी सोनू तोमर से पूछताछ कर रही है और घटना में प्रयुक्त हथियार समेत अन्य साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। साथ ही पुलिस यह भी जांच कर रही है कि दंपती के बीच पहले से किसी प्रकार का विवाद तो नहीं था।
Read More : नौकरी दिलाने का झांसा देकर नाबालिग से 7 सालों तक किया गैंगरेप, फरार आरोपी U.P के गोरखपुर से अरेस्ट
इलाके में फैली सनसनी
दिनदहाड़े हुई इस हत्या की घटना से दर्पण कॉलोनी सहित आसपास के क्षेत्र में सनसनी फैल गई है। स्थानीय लोग इस घटना को लेकर स्तब्ध हैं और पारिवारिक विवाद के इतने भयावह रूप पर चिंता जता रहे हैं।
पुलिस का कहना है कि मामले में सभी पहलुओं की जांच की जा रही है और कानूनी प्रक्रिया के तहत आगे की कार्रवाई की जाएगी।











