Wednesday, September 30, 2026
Home Madhya Pradesh Tonkkala Gunpowder Explosion : देवास: बारूद कंपनी में भीषण धमाका; तीन की...

Tonkkala Gunpowder Explosion : देवास: बारूद कंपनी में भीषण धमाका; तीन की मौत, दो दर्जन से अधिक घायल, सीएम ने की आर्थिक सहायता की घोषणा

Tonkkala Gunpowder Explosion : देवास। मध्य प्रदेश के देवास जिले में मक्सी रोड पर स्थित ग्राम टोंककला में गुरुवार को एक बारूद कंपनी में जबरदस्त विस्फोट हो गया। इस हादसे में तीन से चार लोगों की मौत की आशंका जताई जा रही है, जबकि दो दर्जन से अधिक श्रमिक आग की चपेट में आने से गंभीर रूप से झुलस गए हैं। धमाका इतना शक्तिशाली था कि इसकी आवाज कई किलोमीटर दूर तक सुनाई दी और फैक्ट्री परिसर से धुएं का काला गुबार आसमान में छा गया।

घायलों का उपचार और रेस्क्यू घटना के तुरंत बाद स्थानीय प्रशासन और राहत दल मौके पर पहुंचे। घायलों को तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहाँ 12 श्रमिकों का उपचार देवास के सरकारी अस्पताल में चल रहा है। वहीं, 11 अन्य लोगों की स्थिति अत्यंत गंभीर होने के कारण उन्हें बेहतर इलाज के लिए इंदौर रेफर किया गया है। घटना की गंभीरता को देखते हुए देवास कलेक्टर ऋतुराज सिंह सहित शासन के आला अधिकारी मौके पर मौजूद हैं।

मुख्यमंत्री ने जताई संवेदना, सहायता राशि का ऐलान प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने इस हृदयविदारक घटना पर गहरा दुख व्यक्त किया है। उन्होंने जिला प्रशासन को घायलों के निःशुल्क और समुचित इलाज के निर्देश दिए हैं। साथ ही, राज्य शासन की ओर से मृतकों के परिजनों को ₹4-4 लाख की आर्थिक सहायता राशि प्रदान करने की घोषणा की है। मुख्यमंत्री ने बाबा महाकाल से दिवंगतों की आत्मा की शांति और घायलों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की प्रार्थना की है।

विधायक पहुंचे अस्पताल हादसे की सूचना मिलते ही सोनकच्छ विधायक राजेश सोनकर देवास के अस्पताल पहुंचे। उन्होंने झुलसे हुए श्रमिकों और उनके परिजनों से चर्चा कर ढांढस बंधाया और डॉक्टरों को बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। फिलहाल धमाके के वास्तविक कारणों का पता नहीं चल पाया है, प्रशासन मामले की जांच कर रहा है।

Share The News

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here