नई दिल्ली: लगातार तीन दिनों की गिरावट के बाद आज 2 जनवरी को सोने और चांदी की कीमतों में तेज उछाल देखने को मिला है। इंडिया बुलियन एंड ज्वेलर्स एसोसिएशन (IBJA) के अनुसार, 10 ग्राम 24 कैरेट सोने का भाव 954 रुपए बढ़कर 1,34,415 रुपए हो गया है। इससे पहले यह 1,33,461 रुपए प्रति 10 ग्राम था।
चांदी में भी जबरदस्त तेजी
एक किलो चांदी की कीमत में भी जोरदार उछाल दर्ज किया गया है। आज चांदी 5,656 रुपए महंगी होकर 2,34,906 रुपए प्रति किलो पहुंच गई, जबकि बीते दिन इसका भाव 2,29,250 रुपए था।
ऑल-टाइम हाई से थोड़ी नीचे
इससे पहले 29 दिसंबर 2025 को सोना 1,38,161 रुपए प्रति 10 ग्राम और चांदी 2,43,483 रुपए प्रति किलो के ऑल-टाइम हाई स्तर पर पहुंची थी। मौजूदा तेजी से निवेशकों को फिर राहत मिली है।
Read More : Top News : पिज्जा से लेकर बर्गर तक एक छत के नीचे, मर्जर से बदलेगा इस कंपनी का QSR गेम
शहरों में अलग-अलग रेट क्यों?
IBJA द्वारा जारी रेट्स में 3% GST, मेकिंग चार्ज और ज्वेलर्स मार्जिन शामिल नहीं होते, इसलिए अलग-अलग शहरों में कीमतें भिन्न होती हैं। RBI और बैंक इन्हीं रेट्स का इस्तेमाल गोल्ड बॉन्ड और गोल्ड लोन तय करने में करते हैं।
2025 में रिकॉर्ड तेजी
पूरे 2025 में सोना करीब 75% और चांदी 167% तक महंगी हुई। विशेषज्ञों का मानना है कि डॉलर की कमजोरी, जियोपॉलिटिकल तनाव और केंद्रीय बैंकों की खरीदारी आगे भी कीमतों को सहारा देगी।
आगे क्या रहेगा रुझान?
केडिया एडवाइजरी के डायरेक्टर अजय केडिया के अनुसार, चांदी की मजबूत औद्योगिक मांग के चलते इसके ₹2.75 लाख प्रति किलो तक पहुंचने की संभावना है, जबकि सोना साल के अंत तक ₹1.50 लाख प्रति 10 ग्राम का आंकड़ा छू सकता है।











