Gangster : पटना| बिहार की राजधानी पटना से एक हैरान कर देने वाली घटना सामने आई है। शहर के प्रसिद्ध पारस अस्पताल में इलाज के लिए भर्ती एक कुख्यात गैंगस्टर की चार हमलावरों ने आईसीयू में घुसकर गोली मारकर हत्या कर दी। मृतक की पहचान चंदन मिश्रा के रूप में हुई है, जो पैरोल पर इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती था। पूरी घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है, जो सोशल मीडिया पर वायरल हो रही है।
आईसीयू में घुसे चार हमलावर, 25 सेकंड में अंजाम दी गई हत्या
घटना बुधवार सुबह की है, जब चार हथियारबंद अपराधी अस्पताल के कमरे नंबर 209 में दाखिल हुए और गैंगस्टर चंदन मिश्रा पर ताबड़तोड़ गोलियां चला दीं। चंदन मिश्रा की मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस के अनुसार, हमलावर महज 25 सेकंड में वारदात को अंजाम देकर फरार हो गए।
बंदूक लेकर ICU में बेखौफ घुसे अपराधी
सीसीटीवी फुटेज में साफ देखा जा सकता है कि चारों हमलावर हथियार लेकर बेहद बेखौफ अंदाज में अस्पताल के आईसीयू में घुसते हैं। अस्पताल के सुरक्षा गार्डों की मौजूदगी के बावजूद अपराधियों ने न सिर्फ गैंगस्टर की हत्या की बल्कि किसी प्रकार का विरोध झेलने की भी जरूरत नहीं पड़ी।
Read More : Burhanpur News : स्कूल में गतिविधियों को लेकर एबीवीपी और पालकों का हंगामा, नेशनल हाईवे पर आधे घंटे चक्काजाम
बेऊर जेल से पैरोल पर था चंदन मिश्रा
मृतक चंदन मिश्रा बक्सर जिले का रहने वाला था और केसरी नाम के व्यक्ति की हत्या के मामले में आरोपी था। वह पटना के बेऊर जेल में बंद था और इलाज के लिए पैरोल पर छूटा था। अस्पताल में उसकी सुरक्षा व्यवस्था की जिम्मेदारी प्रशासन पर थी, जिसे लेकर अब गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं।
मौके से बरामद हुए 12 खोखे, 12 हिरासत में
पटना पुलिस ने मौके से 12 खोखे बरामद किए हैं। मामले की गंभीरता को देखते हुए अस्पताल के गार्ड समेत 12 लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी गई है। पटना के एसएसपी कार्तिक के शर्मा ने बताया कि यह हत्या गैंगवार का नतीजा है और चंदन मिश्रा को उसके विरोधी गुट ने निशाना बनाया।
Read More : Gold Silver Price Today : सावन में सोना-चांदी हुआ सस्ता: जानें आज के ताजा भाव और निवेश के मौके…..
हमलावरों की तस्वीर पुलिस के पास, जल्द गिरफ्तारी के दावे
पुलिस को हमलावरों की तस्वीरें सीसीटीवी फुटेज से मिल गई हैं। एसएसपी कार्तिक शर्मा ने दावा किया है कि बहुत जल्द आरोपियों की गिरफ्तारी की जाएगी। घटना ने न केवल अस्पतालों की सुरक्षा पर सवाल खड़े किए हैं बल्कि यह भी दर्शाता है कि राज्य में अपराधी कितने बेखौफ हो चुके हैं।











