Durg Missing Cases:दुर्ग। जिले में गुमशुदगी के मामले पुलिस के लिए बड़ी चुनौती बने हुए हैं। वर्ष 2026 के पहले सात महीनों यानी जनवरी से जुलाई तक दुर्ग जिले में 1081 लोगों के लापता होने की रिपोर्ट दर्ज हुई। इनमें 61 बालक, 171 बालिकाएं, 266 पुरुष और 583 महिलाएं शामिल हैं। पुलिस ने अब तक 728 लोगों को तलाश लिया है, जबकि 353 लोग अभी भी लापता हैं। इनमें 17 बालक, 59 बालिकाएं, 94 पुरुष और 183 महिलाएं शामिल हैं।
महिलाओं की संख्या सबसे ज्यादा
गुमशुदगी के मामलों में महिलाओं की संख्या सबसे अधिक है। जनवरी से जुलाई के बीच 583 महिलाएं लापता हुईं। इनमें से 400 को पुलिस ने तलाश लिया, जबकि 183 महिलाएं अभी भी नहीं मिली हैं।
इसी तरह 171 बालिकाओं की गुमशुदगी दर्ज हुई, जिनमें 112 को खोज लिया गया और 59 अब भी लापता हैं। 266 पुरुषों में से 172 को तलाश लिया गया, जबकि 94 का पता नहीं चल पाया है। वहीं 61 बालकों में 44 को पुलिस ने खोज लिया और 17 अब भी लापता हैं।
जुलाई में सबसे ज्यादा गुमशुदगी
माहवार आंकड़ों के अनुसार जुलाई में सबसे ज्यादा 172 लोगों के लापता होने की रिपोर्ट दर्ज हुई। इनमें 16 बालक, 29 बालिकाएं, 36 पुरुष और 91 महिलाएं शामिल हैं। पुलिस ने जुलाई में 67 लोगों को तलाश लिया, जबकि 105 अब भी लापता हैं।
इसके अलावा मार्च में 161 और अप्रैल में 158 गुमशुदगी के मामले दर्ज हुए। मार्च में 113 और अप्रैल में 122 लोगों को तलाश लिया गया। जून में 169 में से 110, मई में 149 में से 79 और फरवरी में 126 में से 105 लोगों को खोज लिया गया।
जनवरी में 146 लोगों के लापता होने की रिपोर्ट दर्ज हुई थी, जिनमें से 132 को पुलिस ने तलाश लिया।
पिछले वर्षों के मामलों में भी मिली सफलता
पुलिस ने इस साल दर्ज मामलों के अलावा पिछले वर्षों में लापता हुए लोगों को भी तलाशा है। वर्ष 2025 और उससे पहले के मामलों में कुल 514 लोगों को खोजा गया। इनमें 2 बालक, 20 बालिकाएं, 180 पुरुष और 312 महिलाएं शामिल हैं।
2026 में अब तक 1242 लोगों को तलाशा
Durg Missing Cases:पुलिस के आंकड़ों के मुताबिक, वर्ष 2026 में अब तक कुल 1242 लोगों को तलाशा गया है। इसमें चालू वर्ष के साथ पिछले वर्षों में दर्ज गुमशुदगी के मामलों में हुई दस्तयाबी भी शामिल है।
Durg Missing Cases:आंकड़ों के मुताबिक महिलाओं और नाबालिग बालिकाओं की गुमशुदगी के मामले चिंता का विषय बने हुए हैं। पुलिस के सामने अब उन 353 लोगों को तलाशने की चुनौती है, जिनका अभी तक कोई सुराग नहीं मिल पाया है।





