Dhamtari Crime News: धमतरी। जिले में लूट का एक अनोखा मामला सामने आया है। बदमाशों ने पहले पिता-पुत्र से चाकू की नोक पर 50 हजार रुपये नगद लूटे, फिर उन्हें धमकाकर QR कोड के जरिए 28,500 रुपये अपने बैंक खाते में ऑनलाइन ट्रांसफर भी करा लिए। पुलिस ने इस मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि एक नाबालिग को भी पकड़कर किशोर न्याय बोर्ड के समक्ष पेश किया जा रहा है।
पुलिस के अनुसार, घटना 6 जुलाई की रात करीब 10 बजे की है। मनीष सोनवानी अपने पिता के साथ छोटा हाथी वाहन से मवेशियों को ग्राम रिवागहन लेकर जा रहे थे। इसी दौरान ग्राम दर्री और गुजरा के बीच एक तूफान वाहन में सवार चार लोगों ने उनका रास्ता रोक लिया।
आरोपियों ने गाली-गलौज करते हुए पिता-पुत्र के साथ मारपीट की और चाकू दिखाकर जान से मारने की धमकी दी। इसके बाद उनके पास रखे 50 हजार रुपये लूट लिए। इतना ही नहीं, आरोपियों ने डराकर पीड़ित से QR कोड स्कैन कर अपने खाते में 28,500 रुपये भी ट्रांसफर करा लिए और फरार हो गए।
शिकायत मिलने पर भखारा थाना पुलिस ने बीएनएस और आर्म्स एक्ट की धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर गठित टीम ने तकनीकी साक्ष्यों, सीसीटीवी फुटेज और मुखबिर की सूचना के आधार पर आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया।
Dhamtari Crime News: पूछताछ में आरोपियों ने वारदात स्वीकार कर ली। उनकी निशानदेही पर पुलिस ने घटना में इस्तेमाल किया गया तूफान वाहन, एक चाकू, तीन मोबाइल फोन और लूटी गई रकम में से 30 हजार रुपये नगद बरामद किए हैं।
Dhamtari Crime News: पुलिस ने नागेंद्र साहू, नीरज ध्रुवंशी और विनय ध्रुवंशी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया। वहीं मामले में शामिल एक नाबालिग को किशोर न्याय बोर्ड के समक्ष प्रस्तुत किया जा रहा है। उसकी पहचान कानूनी प्रावधानों के तहत गोपनीय रखी गई है।







