दिल्ली | Delhi News : दिल्लीवासियों के लिए एक नई और अनूठी सौगात जल्द ही हकीकत बनने जा रही है। राजधानी में पहली बार यमुना नदी पर क्रूज सेवा शुरू की जा रही है, जो न केवल पर्यटन को नया आयाम देगी, बल्कि यमुना के पुनर्जीवन के प्रयासों को भी गति देगी। यह सेवा इस साल नवंबर से शुरू होने की संभावना है।
Delhi News : इस क्रूज सेवा के तहत यात्रियों को सोनिया विहार से लेकर जगतपुर (शनि मंदिर) तक नौकायन का अवसर मिलेगा। इस महत्वाकांक्षी परियोजना के लिए केंद्र और राज्य की पांच प्रमुख एजेंसियों – इनलैंड वॉटरवेज अथॉरिटी ऑफ इंडिया (IWAI), दिल्ली विकास प्राधिकरण (DDA), दिल्ली जल बोर्ड (DJB), दिल्ली पर्यटन विभाग (DTTDC) और सिंचाई एवं बाढ़ नियंत्रण विभाग ने आपस में एमओयू पर हस्ताक्षर किए हैं।
राज्य के पर्यटन मंत्री कपिल मिश्रा ने बताया कि जेट्टी निर्माण का कार्य प्रगति पर है और तमाम जरूरी व्यवस्थाएं की जा रही हैं। यह परियोजना राजधानी की छवि बदलने के साथ-साथ नदी के इको-सिस्टम को पुनर्जीवित करने की दिशा में भी एक बड़ा कदम मानी जा रही है।
प्रारंभिक योजना के मुताबिक दो क्रूज बोट्स चलाई जाएंगी, जिनमें यात्रियों के लिए एयर कंडीशनिंग, बायो-टॉयलेट्स, सुरक्षा जैकेट्स और अनाउंसमेंट सिस्टम जैसी अत्याधुनिक सुविधाएं उपलब्ध रहेंगी। हर दिन कम से कम चार ट्रिप अनिवार्य रूप से संचालित की जाएंगी।
हालांकि, टिकट की दरों को लेकर फिलहाल कोई औपचारिक घोषणा नहीं की गई है, लेकिन अधिकारियों को उम्मीद है कि यह सेवा सर्दियों में खासा लोकप्रिय होगी। गर्मियों में भी संचालन जारी रहेगा, जबकि मानसून के समय इसे अस्थायी रूप से बंद करने की योजना है।
दिल्ली में यह जलपर्यटन सेवा राजधानीवासियों और पर्यटकों के लिए एक नया अनुभव साबित हो सकती है, जिससे शहरी जीवन की आपाधापी से कुछ पल की राहत मिल सकेगी और यमुना नदी की साफ-सफाई और संरक्षण को लेकर भी सकारात्मक संदेश जाएगा।











