molestation of a student : छिंदवाड़ा। छिंदवाड़ा जिले के कुंडीपुरा थाना अंतर्गत धरमटेकड़ी चौकी में कॉलेज छात्रा से छेड़छाड़ की शिकायत पर कार्रवाई न होने का मामला शुक्रवार को तूल पकड़ गया। आरोप है कि चौकी प्रभारी अविनाश पारधी ने शिकायत मिलने के बावजूद कई घंटों तक एफआईआर दर्ज नहीं की, जिससे नाराज होकर छिंदवाड़ा सांसद विवेक बंटी साहू खुद चौकी पहुंच गए और वहां धरने पर बैठने की तैयारी कर ली।
घंटों इंतजार के बाद भी नहीं लिखी गई रिपोर्ट
जानकारी के मुताबिक, इलाके का एक युवक कॉलेज छात्रा को परेशान कर रहा था। छात्रा के माता-पिता शुक्रवार दोपहर 12 बजे शिकायत दर्ज कराने धरमटेकड़ी चौकी पहुंचे। आरोप है कि घंटों इंतजार के बाद भी न तो उनकी रिपोर्ट लिखी गई और न ही कोई ठोस कार्रवाई की गई। देर शाम तक इंतजार कर रहे छात्रा के पिता भावुक हो गए और रोते हुए सांसद विवेक बंटी साहू को पूरा मामला बताया।
molestation of a student :
सांसद ने चौकी में दिया धरना, प्रशासन में हड़कंप
मामला सुनते ही सांसद साहू तुरंत चौकी पहुंच गए और वहां मौजूद अधिकारियों से कार्रवाई में हुई देरी को लेकर जवाब-तलब किया। कार्रवाई में लापरवाही से नाराज होकर उन्होंने चौकी में ही धरने पर बैठने की तैयारी कर ली। हालांकि, स्थिति बिगड़ते देख पुलिस प्रशासन ने उन्हें रोक लिया। पुलिस अधिकारियों ने सांसद साहू से चर्चा की और पूरे मामले में तत्काल और उचित कार्रवाई का भरोसा दिया। आश्वासन मिलने पर सांसद ने धरना शुरू नहीं किया और पीड़ित परिजनों को न्याय दिलाने की बात कही।
molestation of a student :
आरोपी की तलाश शुरू, चौकी प्रभारी पर होगी विभागीय जांच
कुंडीपुरा थाना प्रभारी महेंद्र भगत ने बताया कि छात्रा से छेड़छाड़ की शिकायत को गंभीरता से लेते हुए आरोपी युवक की तलाश शुरू कर दी गई है। पुलिस ने यह भी बताया कि इस मामले में चौकी स्तर पर हुई लापरवाही की विभागीय जांच भी की जाएगी। इस घटना ने एक बार फिर पुलिस की संवेदनशीलता और ड्यूटी के प्रति लापरवाही पर सवाल खड़े कर दिए हैं।











