Dantewada Sibling Murder : दंतेवाड़ा: छत्तीसगढ़ के दंतेवाड़ा जिले से रिश्तों को कलंकित करने वाली एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। गीदम थाना क्षेत्र के ग्राम कमलापदर (बड़े कारली) में एक युवक ने अपने ही बड़े भाई की लकड़ी के ‘खोटले’ (धान कूटने का मूसल) से वार कर हत्या कर दी। चौंकाने वाली बात यह है कि इस खूनी संघर्ष की वजह महज एक मोबाइल फोन था।
विवाद से वारदात तक: सोमवार शाम की घटना
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, सोमवार शाम करीब 5:00 बजे दोनों भाइयों के बीच मोबाइल फोन के इस्तेमाल या किसी बात को लेकर विवाद शुरू हुआ। देखते ही देखते बहस हाथापाई तक पहुँच गई। इसी बीच आक्रोशित छोटे भाई ने घर में रखे भारी-भरकम लकड़ी के खोटले को उठाया और बड़े भाई की छाती पर पूरी ताकत से प्रहार कर दिया। चोट इतनी गहरी थी कि बड़े भाई ने मौके पर ही तड़प-तड़प कर दम तोड़ दिया।
आरोपी गिरफ्तार, गांव में मातम
सूचना मिलते ही गीदम पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और लहूलुहान हालत में शव को अपने कब्जे में लिया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए हत्या के आरोपी भाई को गिरफ्तार कर लिया है। एक ही घर में हुए इस कांड के बाद परिवार में कोहराम मच गया है और गांव के लोग इस अमानवीय कृत्य से स्तब्ध हैं।
पुलिस की कार्रवाई
गीदम थाना प्रभारी ने बताया कि आरोपी के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया गया है। शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया गया है। पुलिस मामले के अन्य पहलुओं की भी बारीकी से जांच कर रही है।













