रायपुर : छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय आज गरियाबंद जिले के एक दिवसीय दौरे पर रहेंगे। अपने दौरे की शुरुआत मुख्यमंत्री दोपहर 12:10 बजे सिरकट्टी आश्रम, कुटेना से करेंगे, जहां वे विधिवत मंदिर दर्शन करेंगे। इसके साथ ही मुख्यमंत्री धर्मध्वजा स्थापना और शिलान्यास कार्यक्रम में सहभागिता कर आध्यात्मिक एवं सांस्कृतिक परंपराओं को आगे बढ़ाने का संदेश देंगे। इस अवसर पर स्थानीय जनप्रतिनिधि, संतगण और बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहेंगे।
राजिम में गीता प्रेस पुस्तकालय कार्यक्रम
धार्मिक कार्यक्रम के पश्चात मुख्यमंत्री विष्णु देव साय दोपहर 2:10 बजे राजिम पहुंचेंगे। यहां वे गीता प्रेस पुस्तकालय से जुड़े विशेष कार्यक्रम में शामिल होंगे। यह पुस्तकालय धार्मिक, सांस्कृतिक और नैतिक मूल्यों के प्रचार-प्रसार का महत्वपूर्ण केंद्र माना जाता है। मुख्यमंत्री इस दौरान साहित्य और सनातन संस्कृति के महत्व पर भी विचार साझा कर सकते हैं।
Read More : Raipur hit and run case : BJP विधायक के बेटे लक्की सिंह की गिरफ्तारी, जमानत पर रिहाई से उठा सवाल…
माता राजिम महोत्सव 2026 में सहभागिता
राजिम पहुंचने के बाद मुख्यमंत्री मंदिर दर्शन करेंगे और इसके उपरांत माता राजिम महोत्सव 2026 के कार्यक्रम में शिरकत करेंगे। यह महोत्सव धार्मिक आस्था के साथ-साथ लोकसंस्कृति, परंपरा और सामाजिक समरसता का प्रतीक माना जाता है। मुख्यमंत्री का इस आयोजन में शामिल होना आयोजन की गरिमा को और बढ़ाएगा।
शाम को रायपुर वापसी
निर्धारित कार्यक्रमों के समापन के बाद मुख्यमंत्री विष्णु देव साय शाम 4 बजे राजिम से रायपुर के लिए रवाना होंगे। शाम 4:30 बजे वे सिविल लाइन स्थित मुख्यमंत्री निवास पहुंचेंगे। प्रशासन ने मुख्यमंत्री के दौरे को लेकर सुरक्षा और व्यवस्थाओं की व्यापक तैयारी की है।













