Ujjain Jaora Highway: उज्जैन। मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने शुक्रवार को उज्जैन-जावरा ग्रीनफील्ड 4-लेन हाईवे परियोजना का विधिवत शिलान्यास किया। करीब 5,017 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाला यह हाईवे प्रदेश की सबसे महत्वपूर्ण सड़क परियोजनाओं में शामिल है। इस अवसर पर आयोजित विशाल जनसभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने प्रदेश सरकार की विकास योजनाओं का उल्लेख किया और कांग्रेस पर तीखा राजनीतिक हमला भी बोला।
‘हम घोषणा नहीं, काम पूरा करके दिखाते हैं’
Ujjain Jaora Highway: मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि भाजपा सरकार केवल घोषणाएं करने में नहीं, बल्कि उन्हें समय पर पूरा करने में विश्वास रखती है।
उन्होंने कहा,
“प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी हमेशा कहते हैं कि जिसकी घोषणा हम करते हैं, उसका भूमिपूजन भी हम करते हैं और उसका लोकार्पण भी हम ही करते हैं। हमारी सरकार वादे नहीं, विकास के परिणाम दिखाती है। जो कहते हैं, उसे पूरा करके दिखाते हैं।”
दिसंबर 2027 तक बनकर तैयार होगा हाईवे
मुख्यमंत्री ने कहा कि लगभग 98.73 किलोमीटर लंबा यह ग्रीनफील्ड 4-लेन हाईवे उज्जैन जिले के मंगरोला से शुरू होकर दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे के इंटरचेंज से जुड़ते हुए जावरा तक पहुंचेगा।उन्होंने भरोसा दिलाया कि इस महत्वाकांक्षी परियोजना का निर्माण दिसंबर 2027 तक पूरा कर लिया जाएगा।
मुख्यमंत्री के अनुसार, हाईवे बनने से उज्जैन, नागदा, जावरा और रतलाम के बीच यात्रा का समय कम होगा। साथ ही औद्योगिक निवेश, व्यापार, पर्यटन, कृषि परिवहन और सिंहस्थ-2028 के दौरान लाखों श्रद्धालुओं की आवाजाही को भी बड़ी सुविधा मिलेगी।
कांग्रेस सरकारों पर साधा निशाना
Ujjain Jaora Highway: सभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कांग्रेस सरकारों की कार्यशैली पर सवाल उठाए।उन्होंने कहा कि मध्य प्रदेश के गठन के बाद वर्ष 2002-03 तक प्रदेश का कुल बजट लगभग 20 हजार करोड़ रुपये था, जबकि उस समय लोक निर्माण विभाग (PWD) का बजट मात्र 800 करोड़ रुपये हुआ करता था।उन्होंने कहा कि आज भाजपा सरकार अकेले एक सड़क परियोजना पर 5,017 करोड़ रुपये खर्च कर रही है, जो विकास के प्रति सरकार की सोच को दर्शाता है।
बजट बढ़ा, टैक्स नहीं बढ़ाया
मुख्यमंत्री ने कहा कि भाजपा सरकार बनने के बाद प्रदेश का बजट लगातार बढ़ा है।उन्होंने बताया कि सरकार बनने के समय राज्य का बजट 3.10 लाख करोड़ रुपये था, जो वर्ष 2026 में बढ़कर 4.38 लाख करोड़ रुपये हो गया।उन्होंने दावा किया कि सरकार ने इस दौरान कोई नया टैक्स नहीं लगाया, बल्कि आय के नए स्रोत विकसित कर राजस्व बढ़ाया।
लाड़ली बहना योजना पर भी दिया जवाब
मुख्यमंत्री ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि विपक्ष लगातार यह दावा करता रहा कि सरकार के पास योजनाएं चलाने के लिए पैसे नहीं हैं और लाड़ली बहना योजना बंद हो जाएगी।
उन्होंने कहा,”विपक्ष कहता था कि सरकार पैसे नहीं दे पाएगी, लेकिन 12 जुलाई को एक बार फिर प्रदेश की बहनों के खातों में योजना की राशि भेजी जाएगी। हमारी सरकार जनता से किया हर वादा निभा रही है।”
कई जनप्रतिनिधि रहे मौजूद
Ujjain Jaora Highway: कार्यक्रम में कर्नाटक के राज्यपाल थावरचंद गहलोत, सांसद अनिल फिरोजिया, विधायक चिंतामणि मालवीय, सतीश मालवीय, तेजबहादुर सिंह चौहान सहित कई जनप्रतिनिधि, अधिकारी और बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।इस दौरान विभिन्न विकास कार्यों का लोकार्पण एवं भूमिपूजन भी किया गया। साथ ही हितग्राहियों को विभिन्न योजनाओं के तहत लाभ वितरित किए गए।
प्रदेश की बड़ी कनेक्टिविटी परियोजनाओं में शामिल
Ujjain Jaora Highway: उज्जैन-जावरा ग्रीनफील्ड 4-लेन हाईवे को मध्य प्रदेश की महत्वपूर्ण आधारभूत संरचना परियोजनाओं में माना जा रहा है। सरकार का दावा है कि इसके निर्माण से सड़क संपर्क बेहतर होगा, माल परिवहन तेज होगा, औद्योगिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा और क्षेत्र के आर्थिक विकास को नई गति मिलेगी।







