Chhindwara Incident : साहुल सिंह/छिंदवाड़ा। छिंदवाड़ा जिले के ग्राम गुबरेल में शनिवार शाम एक दर्दनाक हादसा हो गया। गांव में निर्माणाधीन सरकारी कुआं अचानक धंस गया, जिससे पास में मौजूद एक महिला मलबे में दब गई और उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची और राहत व बचाव कार्य शुरू किया। टीम ने महिला को निकालने के लिए घंटों तक कोशिशें कीं, लेकिन जब तक उसे बाहर निकाला गया, तब तक बहुत देर हो चुकी थी।
स्थानीय ग्रामीणों के अनुसार, मृतका 70 वर्षीय वृद्धा अपने खेत में काम कर रही थी। इसी दौरान कुएं के धंसने की आवाज सुनकर वह उसे देखने पास पहुंची। अचानक जमीन धंसने से वह संतुलन खो बैठी और कुएं में गिर गई।
Chhindwara Incident :
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि कुएं की मिट्टी लगातार धंसती जा रही थी, जिससे बचाव अभियान में कठिनाई बढ़ गई। प्रशासनिक टीम के साथ ग्रामीणों ने भी मिलकर महिला को बचाने के प्रयास किए, लेकिन अंततः उसे जिंदा नहीं बचाया जा सका।
घटना के बाद से गांव में शोक का माहौल है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है।













