Chhattisgarh Odisha Coal Dispute : रायगढ़ : छत्तीसगढ़ और ओडिशा की सीमा पर कोयला परिवहन को लेकर स्थिति तनावपूर्ण बनी हुई है। युवा कांग्रेस के जिला अध्यक्ष उस्मान बेग ने इस संवेदनशील मामले में राज्य सरकार से तत्काल हस्तक्षेप की मांग की है। उन्होंने आरोप लगाया कि ओडिशा के सुंदरगढ़ जिले की खदानों से आने वाली गाड़ियों से BGMS नामक संगठन वर्षों से ₹150 से ₹500 प्रति गाड़ी की अवैध वसूली कर रहा है, जो अब तक करीब 93 करोड़ रुपये का बड़ा आकड़ा बन चुका है।
सीमा पर हिंसा और भेदभाव का आरोप: उस्मान बेग ने बताया कि 18 जनवरी 2026 को ओडिशा से आए असामाजिक तत्वों ने छत्तीसगढ़ की सीमा में घुसकर रायगढ़ ट्रक यूनियन के सदस्यों के साथ मारपीट और लूटपाट की। इसके बावजूद, दोषियों पर कार्रवाई करने के बजाय सीमा को सील कर दिया गया, जिससे सैकड़ों ट्रक फंसे हुए हैं। उन्होंने सवाल किया कि जब दोनों राज्यों में भाजपा की सरकार है, तो फिर छत्तीसगढ़ के ट्रांसपोर्टरों के साथ यह सौतेला व्यवहार किसके इशारे पर हो रहा है?

हजारों परिवारों पर रोजी-रोटी का संकट: युवा कांग्रेस ने साफ किया कि यह केवल ट्रांसपोर्टरों का मुद्दा नहीं है। कोयला परिवहन ठप होने से ड्राइवर, हेल्पर, पेट्रोल पंप, ढाबा संचालक और गैरेज मिस्त्री सहित हजारों परिवारों की आर्थिक स्थिति खराब हो रही है। बेग ने कहा कि छत्तीसगढ़ में उद्योग हैं और ओडिशा में खदानें, ऐसे में दोनों राज्यों के बीच टकराव पैदा कर अर्थव्यवस्था की रीढ़ तोड़ी जा रही है।











