जांजगीर-चांपा। Nishaanebaz.com-Illegal Cracker Seizure: छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा जिले में दीपावली के पावन पर्व के मद्देनजर अवैध पटाखों के भंडारण और बिक्री के खिलाफ पुलिस ने कड़ा रुख अपना लिया है। इसी कड़ी में बिर्रा थाना पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए ग्रामीण इलाके में अवैध रूप से छिपाकर रखे गए पटाखों का बड़ा जखीरा बरामद किया है। पुलिस के मुताबिक, जब्त किए गए अवैध पटाखों की कुल कीमत करीब 75 हजार रुपये आंकी गई है।
एसपी विजय कुमार पाण्डेय के निर्देश पर ताबड़तोड़ कार्रवाई
प्राप्त जानकारी के अनुसार, पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय (IPS) के सख्त निर्देशों के बाद जिलेभर में जुआ, सट्टा और अवैध रूप से पटाखों का भंडारण करने वालों के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत बिर्रा पुलिस को सूचना मिली थी कि ग्राम बिर्रा में एक मकान के भीतर भारी मात्रा में अवैध पटाखे डंप किए गए हैं।
सूचना मिलने पर पुलिस टीम ने तुरंत दबिश दी और रुपेश अग्रवाल नामक व्यक्ति के मकान से छिपाकर रखे गए अवैध पटाखों का पूरा जखीरा बरामद कर लिया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ थाना बिर्रा में विस्फोटक अधिनियम, 1884 की धारा 9(ख) के तहत आपराधिक मामला दर्ज कर लिया है।
त्योहारों पर सुरक्षा और सतर्कता बढ़ाने के निर्देश
दीपावली के दौरान किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना, दुर्घटना या अवैध गतिविधियों को रोकने के लिए पुलिस लगातार निगरानी रख रही है। इस सफल कार्रवाई में थाना प्रभारी बिर्रा राजीव श्रीवास्तव, एएसआई तीजराम जांगड़े, आरक्षक लक्ष्मी कश्यप, दीपक तिवारी, रामसाय साहू के साथ-साथ साइबर प्रभारी निरीक्षक भास्कर शर्मा और साइबर टीम के सदस्यों की महत्वपूर्ण भूमिका रही है। पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि त्योहारी सीजन में नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ आगे भी इस तरह की सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।