Raigarh Crime News:गौरी शंकर गुप्ता\ रायगढ़ । जिले में चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने और चोरी गई संपत्ति की बरामदगी के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत घरघोड़ा पुलिस को सफलता मिली है। पुलिस ने चोरी की स्कूटी को बेचने के लिए ग्राहक तलाश रहे एक युवक को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से करीब 35 हजार रुपये कीमत की TVS Jupiter स्कूटी बरामद की गई है।
पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार आरोपी की पहचान नवीन मिश्रा (24 वर्ष) निवासी ग्राम बैहामुड़ा बोरपारा, थाना घरघोड़ा के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।
हाई स्कूल ग्राउंड के पास से चोरी हुई थी स्कूटी
पुलिस के अनुसार, घरघोड़ा निवासी विजया पंडा (51 वर्ष) ने 4 अप्रैल 2026 को थाना घरघोड़ा में स्कूटी चोरी होने की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। उन्होंने पुलिस को बताया था कि 3 अप्रैल की शाम करीब 7:45 बजे वह अपनी पर्पल रंग की TVS Jupiter स्कूटी क्रमांक CG-13-AR-0852 से हाई स्कूल ग्राउंड में वॉकिंग के लिए गई थीं।
उन्होंने अपनी स्कूटी वार्ड क्रमांक 8 स्थित टीचर कॉलोनी के पास खड़ी की और वॉकिंग के लिए ग्राउंड चली गईं। कुछ देर बाद वापस लौटने पर स्कूटी वहां नहीं मिली। आसपास तलाश करने के बावजूद जब स्कूटी का पता नहीं चला तो अगले दिन थाना घरघोड़ा में शिकायत दर्ज कराई गई।रिपोर्ट के आधार पर पुलिस ने अपराध क्रमांक 112/2026 दर्ज कर धारा 303(2) बीएनएस के तहत मामले की जांच शुरू की।
मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने मारी दबिश
चोरी की स्कूटी की तलाश और आरोपी की पहचान के लिए थाना प्रभारी निरीक्षक कुमार गौरव साहू के नेतृत्व में पुलिस ने जांच शुरू की। पुलिस ने मुखबिरों को भी सक्रिय किया था।इसी दौरान 27 सितंबर 2026 को पुलिस को सूचना मिली कि ग्राम बैहामुड़ा बोरपारा निवासी नवीन मिश्रा चोरी की पर्पल रंग की स्कूटी को बेचने के लिए ग्राहक तलाश रहा है।सूचना मिलते ही प्रधान आरक्षक अरविंद पटनायक और आरक्षक उद्धोराम पटेल ने मौके पर पहुंचकर संदेही नवीन मिश्रा को पकड़ लिया। पुलिस के अनुसार, पूछताछ के दौरान आरोपी ने स्कूटी चोरी करने की बात स्वीकार की।
बिना नंबर प्लेट की स्कूटी बरामद
पुलिस ने आरोपी के मेमोरंडम के आधार पर पर्पल रंग की TVS Jupiter स्कूटी बरामद की। पुलिस के अनुसार, बरामद स्कूटी की अनुमानित कीमत करीब 35 हजार रुपये है और उस पर नंबर प्लेट नहीं लगी थी।पुलिस ने स्कूटी को जब्त कर लिया। मामले में पर्याप्त साक्ष्य मिलने के बाद आरोपी नवीन मिश्रा पिता शशिकांत मिश्रा, उम्र 24 वर्ष, को विधिवत गिरफ्तार किया गया।इसके बाद आरोपी को 28 सितंबर 2026 को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
Read More: Raigarh News: दूरस्थ गांव में शिक्षा की अलख जगाने वाले शिक्षक चंद्र मणी चौहान को राज्य स्तरीय सम्मान
पुलिस टीम की रही अहम भूमिका
पूरी कार्रवाई थाना प्रभारी घरघोड़ा निरीक्षक कुमार गौरव साहू के नेतृत्व में की गई। कार्रवाई में प्रधान आरक्षक अरविंद पटनायक और आरक्षक उद्धोराम पटेल की महत्वपूर्ण भूमिका रही।पुलिस का कहना है कि जिले में चोरी की घटनाओं पर नियंत्रण और चोरी गई संपत्ति की बरामदगी के लिए अभियान आगे भी जारी रहेगा।






