Balod News: छत्तीसगढ़ के बालोद जिले से दो मजदूरों को नौकरी दिलाने के नाम पर दूसरे राज्य ले जाने और कथित तौर पर बंधक बनाने का मामला सामने आया है। परिजनों का आरोप है कि दोनों युवकों को नागपुर की बिस्किट फैक्ट्री में काम दिलाने का भरोसा दिया गया था, लेकिन उन्हें तमिलनाडु ले जाया गया वहां से परिवार को फोन कर पैसे मांगे।
नागपुर में नौकरी का दिया था भरोसा
जानकारी के मुताबिक, दोनों मजदूर बालोद जिले के कोतवाली थाना क्षेत्र के करहीभदर गांव के रहने वाले हैं। आरोप है कि कुछ दलालों ने उन्हें अच्छी तनख्वाह पर नागपुर की बिस्किट फैक्ट्री में काम दिलाने का लालच दिया था। रोजगार की उम्मीद में दोनों उनके साथ रवाना हो गए, लेकिन कथित तौर पर उन्हें नागपुर के बजाय तमिलनाडु पहुंचा दिया गया।
पैसे भेजने के बाद भी नहीं मिली राहत
परिजनों के अनुसार परिवार के लोगों को फोन कर पैसे मांगे गए। कथित तौर पर धमकी दी गई कि रकम नहीं भेजने पर मजदूरों को रिहा नहीं किया जाएगा। डर के कारण परिजनों ने ऑनलाइन 16 हजार रुपये ट्रांसफर कर दिए। हालांकि, परिवार का कहना है कि पैसे भेजने के बाद भी दोनों को वापस नहीं भेजा गया और उन्हें लगातार धमकियां मिल रही हैं।
कलेक्टर और पुलिस से लगाई मदद की गुहार
मजदूरों की सुरक्षित वापसी के लिए परिजनों ने बालोद कलेक्टर, पुलिस अधीक्षक और कोतवाली थाने में शिकायत दर्ज कराई है। परिवार ने प्रशासन से जल्द कार्रवाई कर दोनों युवकों को सुरक्षित घर लाने की अपील की है। शिकायत के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।


