अंबिकापुर [Nishanebaaz News]Ambikapur-Sitapur-1-Crore-Jeweller-Fraud-Bust। सरगुजा जिले के सीतापुर में बीते 26 जुलाई को एक ज्वेलर्स व्यवसायी से करीब 1 करोड़ रुपये के सोने-चांदी के जेवरातों से भरा बैग पार करने के सनसनीखेज मामले का पुलिस ने भंडाफोड़ कर दिया है। डीआईजी व वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) राजेश कुमार अग्रवाल के निर्देश पर गठित विशेष पुलिस टीम ने अंतरराज्यीय नेटवर्क का सुराग लगाते हुए ओडिशा के गंजाम जिले में दबिश दी। पुलिस ने एक संदिग्ध के घर से करीब 46 लाख रुपये मूल्य के सोने-चांदी के आभूषण सफलतापूर्व बरामद कर लिए हैं।
हालांकि, मुख्य आरोपी पुलिस की भनक लगते ही फरार होने में कामयाब रहे, जिनकी गिरफ्तारी के लिए ओडिशा और छत्तीसगढ़ में संभावित ठिकानों पर पुलिस की टीमें लगातार छापेमारी कर रही हैं।
स्कूटी के पास से बैग उठाकर फरार हुए थे शातिर चोर घटना 26 जुलाई 2026 की है, जब सीतापुर हाईस्कूल के समीप संचालित ‘कांशी विश्वनाथ ज्वेलर्स’ के संचालक अरुणदेव सोनी सुबह अपनी दुकान खोलने पहुंचे थे। उन्होंने आभूषणों से भरा बैग स्कूटी के सामने रखा और शटर खोलने लगे। इसी बीच घात लगाए अज्ञात बदमाशों ने बैग उड़ा लिया और मौके से फरार हो गए। बैग में करीब 1 करोड़ रुपये के जेवर थे। शिकायत पर सीतापुर थाने में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 303(2) के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू की गई।
500 से अधिक CCTV कैमरों को खंगालकर ओडिशा पहुंची पुलिस मामले की गंभीरता को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रितेश चौधरी के नेतृत्व में साइबर सेल अंबिकापुर और थाना सीतापुर की संयुक्त टीम बनाई गई। जांच टीम ने घटनास्थल से लेकर आरोपियों के भागने के संभावित रास्तों—गेरसा (सरगुजा), कांसाबेल, कुनकुरी, सिंगीवहार (जशपुर), कुरडेग, सिमडेगा (झारखंड) और सुंदरगढ़ (ओडिशा) तक के 500 से अधिक सीसीटीवी (CCTV) फुटेज खंगाले।
फुटेज और तकनीकी सर्विलांस से पुष्टि हुई कि दो मोटरसाइकिलों पर सवार चार संदिग्ध घटना को अंजाम देकर ओडिशा की ओर भागे हैं।
10 दिन चला ओडिशा में ऑपरेशन, 46 लाख के जेवर बरामद आरोपियों की पहचान चांटी दास (ग्राम सोर्डा, जिला गंजाम) और नागेश्वर राव (थाना कोटिनाडा, जिला गंजाम) के रूप में हुई। सरगुजा पुलिस की टीम ने स्थानीय ओडिशा पुलिस के सहयोग से गंजाम जिले में लगातार 10 दिनों तक सघन सर्च ऑपरेशन चलाया।
16 अगस्त की रात संदिग्ध चांटी दास के अपने घर पहुंचने की मुखबिर सूचना पर पुलिस ने स्थानीय गवाहों की मौजूदगी में घर की तलाशी ली, जहां से छुपाकर रखे गए चोरी के जेवर बरामद हुए:
-
सोने के आभूषण: 300.92 ग्राम (अनुमानित मूल्य ₹43 लाख)
-
चांदी के आभूषण: 1 किलो 168 ग्राम (अनुमानित मूल्य ₹3 लाख)
-
कुल बरामदगी: ₹46,00,000 मूल्य के जेवर
फरार मुख्य आरोपियों की सरगर्मी से तलाश जारी पुलिस अब फरार मुख्य आरोपियों चांटी दास और नागेश्वर राव समेत गिरोह के अन्य सदस्यों की धरपकड़ में जुटी हुई है। इसके साथ ही शेष बचे जेवरातों की बरामदगी के लिए संदेहियों से पूछताछ की जा रही है।
इस बड़े अंतरराज्यीय मामले के खुलासे में थाना प्रभारी सीतापुर अखिलेश सिंह, साइबर सेल अंबिकापुर, थाना मणिपुर पुलिस तथा ओडिशा पुलिस के एसडीओपी आश्का सौरव रंजन प्रधान, निरीक्षक सुधीर कुमार व दीप्ती रंजन वेहरा की सराहनीय भूमिका रही।





