CG Weather Update : रायपुर। छत्तीसगढ़ में पिछले 24 घंटे के दौरान कहीं हल्की तो कहीं मध्यम बारिश दर्ज की गई। शनिवार को राजधानी रायपुर का अधिकतम तापमान 34.5 डिग्री और दुर्ग का न्यूनतम तापमान 21 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ। मौसम विभाग का कहना है कि अगले दो दिनों तक प्रदेश में बारिश की गतिविधियां कुछ कम होंगी, हालांकि गरज-चमक के साथ हल्की वर्षा की स्थिति बनी रहेगी।
CG Weather Update : बारिश के आंकड़ों पर नज़र डालें तो करतला में सबसे ज्यादा 3 सेमी वर्षा दर्ज की गई। वहीं दंतेवाड़ा, बास्तानार, बेलरगांव, मैनपुर और भनपुरी में 2-2 सेमी, जबकि तखतपुर, बीजापुर और दुर्गकोंदल में 1-1 सेमी बारिश हुई।
सिनोप्टिक सिस्टम की स्थिति
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, मानसून द्रोणिका इस समय जैसलमेर से गुजरते हुए दक्षिण राजस्थान, गुना, दमोह, पेंड्रा रोड, संबलपुर और गोपालपुर होते हुए पूर्व-मध्य बंगाल की खाड़ी तक सक्रिय है। इसके साथ ही दक्षिण राजस्थान में बने निम्न दाब क्षेत्र और उससे जुड़े चक्रवाती परिसंचरण का असर मध्य प्रदेश से लेकर उत्तर-पूर्व झारखंड तक दिखाई दे रहा है। बंगाल की खाड़ी और ओडिशा-आंध्र तटों पर भी ऊपरी हवा का चक्रवाती क्षेत्र बना हुआ है।
राजधानी रायपुर का हाल
रायपुर में रविवार को आसमान में बादल छाए रहेंगे और गरज-चमक के साथ हल्की बूंदाबांदी हो सकती है। दिन का तापमान करीब 35 डिग्री और रात का तापमान 25 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है।













