CG News: शहादत के बाद पत्नी को नौकरी, बुजुर्ग माता-पिता दर-दर भटकने को मजबूर? कलेक्टर-एसपी से लगाई गुहार

Sanjay Sahu
CG News

CG News:सरगुजा। छत्तीसगढ़ के सरगुजा जिले में शहीद STF जवान के बुजुर्ग माता-पिता ने अपनी बहू के खिलाफ गंभीर शिकायत दर्ज कराई है। आरोप है कि अनुकंपा नियुक्ति मिलने के बाद बहू ने बुजुर्ग सास-ससुर से संबंध तोड़ लिए और उन्हें घर से बेदखल कर दिया। शहीद परिवार को मिली आर्थिक सहायता की जानकारी साझा नहीं करने का आरोप भी लगाया गया है। पीड़ित माता-पिता ने कलेक्टर और पुलिस अधीक्षक से शिकायत कर न्याय की गुहार लगाई है।

मामला STF (स्पेशल टास्क फोर्स) में पदस्थ रहे शहीद रामशंकर से जुड़ा है। शिकायत के मुताबिक, रामशंकर 3 अप्रैल 2021 को बीजापुर में शहीद हुए थे। उनकी कोई संतान नहीं थी। शहादत के बाद उनकी पत्नी को परिवार के भरण-पोषण और देखभाल की शर्त पर अनुकंपा नियुक्ति के तहत पुलिस अधीक्षक कार्यालय, अंबिकापुर में नौकरी दी गई थी।

76 वर्षीय पिता और 68 वर्षीय मां ने बहू पर लगाए गंभीर आरोप

शहीद के पिता दुखराम और मां दुलारी बाई का कहना है कि उनकी उम्र क्रमशः 76 और 68 वर्ष है। दोनों बुजुर्ग और असहाय हैं। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि अनुकंपा नियुक्ति मिलने के बाद बहू ने उनसे सारे संबंध तोड़ लिए। वह न तो उनकी सुध लेती हैं और न ही किसी तरह की आर्थिक सहायता करती हैं।

बुजुर्ग माता-पिता के मुताबिक, उनके छोटे बेटे जय सिंह ने अंबिकापुर में मकान बनवाया था, लेकिन उस मकान पर ताला लगा दिया गया है। इसके कारण उन्हें छोटे बेटे और उसके परिवार के साथ रहने को मजबूर होना पड़ रहा है।

84 लाख रुपये की सहायता राशि को लेकर उठाए सवाल

शिकायत में शहीद परिवार को मिली आर्थिक सहायता को लेकर भी सवाल उठाए गए हैं। माता-पिता का दावा है कि शहादत के बाद शासन से लगभग 84 लाख रुपये की सहायता राशि मिलने की जानकारी दी गई थी, जबकि बहू की ओर से केवल 25 लाख रुपये मिलने की बात बताई जाती है।

आवेदन में आरोप लगाया गया है कि शहादत के बाद मिली राशि और वेतन से बहू ने कार, स्कूटी, ट्रैक्टर, बाइक, जमीन और बैंक में फिक्स्ड डिपॉजिट जैसी संपत्तियां बनाई हैं। इसके बावजूद बुजुर्ग माता-पिता की देखभाल नहीं की जा रही है।

शहीद बेटे के जरूरी दस्तावेज नहीं देने का आरोप

बुजुर्ग माता-पिता ने शिकायत में कहा है कि उनके पास शहीद बेटे के आधार कार्ड, शहीद प्रमाण पत्र और आश्रित परिवार सूची जैसे जरूरी दस्तावेज उपलब्ध नहीं हैं। बहू से इन दस्तावेजों की प्रतियां मांगने के बावजूद उन्हें नहीं दिया जा रहा है।

उन्होंने शासन से प्राप्त सहायता राशि, वेतन और खर्च का पूरा विवरण शहीद परिवार के साथ साझा कराने की मांग भी की है, ताकि आर्थिक सहायता से जुड़े तथ्यों की जानकारी सामने आ सके।

CG News:कलेक्टर-एसपी से जांच और न्याय की गुहार

CG News:शहीद के माता-पिता ने कलेक्टर और पुलिस अधीक्षक, सरगुजा को आवेदन सौंपकर अनुकंपा नियुक्ति की शर्तों की जांच कराने की मांग की है। साथ ही बहू को बुजुर्ग माता-पिता की देखभाल के लिए जिम्मेदार बनाने और उन्हें घर में प्रवेश दिलाने की गुहार लगाई है। पीड़ितों ने मामले में नियमानुसार उचित कार्रवाई करने का आग्रह भी किया है। फिलहाल, ये सभी आरोप शिकायत में लगाए गए हैं। मामले में पुलिस प्रशासन की जांच और संबंधित महिला का पक्ष सामने आने के बाद ही पूरे घटनाक्रम की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

 

Share The News
TAGGED:
Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *