CG NEWS : सक्ती : सक्ती जिले के जैजैपुर में संचालित भारतीय स्टेट बैंक (SBI) की शाखा में चोरों ने बीती रात चोरी का असफल प्रयास किया। जानकारी के अनुसार, चोर बैंक के शौचालय की दीवार तोड़कर अंदर घुसने की कोशिश में थे। उन्होंने दीवार में सुरंग बना ली थी, लेकिन दरवाज़ा बाहर से बंद होने के कारण अंदर प्रवेश नहीं कर सके। सुबह जब लोगों ने दीवार में बने छेद को देखा, तो तुरंत पुलिस को सूचना दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
CG NEWS : यह शाखा जैजैपुर जनपद पंचायत भवन से लगे सरपंच सदन के जुगाड़ भवन में संचालित हो रही है, जहां सुरक्षा के कोई ठोस इंतज़ाम नहीं हैं। बैंक में न तो चौकीदार तैनात है, न ही सीसीटीवी कैमरे लगे हैं, जिससे बैंक प्रबंधन की लापरवाही उजागर हुई है।
CG NEWS : जैजैपुर थाना प्रभारी जी.एस. राजपूत ने बताया कि चोरों ने शौचालय की दीवार तोड़ी थी, लेकिन दरवाज़ा बंद होने के कारण बैंक के मुख्य परिसर तक नहीं पहुंच पाए। पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और आसपास के क्षेत्रों के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। थाना प्रभारी ने भरोसा दिलाया कि आरोपियों की जल्द पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया जाएगा।













