CG NEWS : अंबिकापुर / बैकुंठपुर। सूरजपुर जिले के रेस्ट हाउस में बार बालाओं के अश्लील डांस का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद प्रदेश की राजनीति में नया विवाद खड़ा हो गया है। इस मामले में छत्तीसगढ़ के कृषि मंत्री रामविचार नेताम के बयान ने सियासी तूल पकड़ लिया है।
CG NEWS : मंगलवार को कोरिया जिले के बैकुंठपुर पहुंचे मंत्री रामविचार नेताम से जब सूरजपुर रेस्ट हाउस में सामने आए वीडियो को लेकर सवाल किया गया, तो उन्होंने इसे गंभीरता से लेने के बजाय कहा कि कला तो विविध क्षेत्रों की होती है। यदि रेस्ट हाउस में भी कला सामने आ रही है, तो इसमें क्या कहा जाए। उन्होंने आगे कहा कि कला का दायरा बहुत व्यापक होता है और इसमें केवल भजन या राम नाम का जाप ही शामिल नहीं है। मंत्री ने धार्मिक, शैक्षणिक और सामाजिक कार्यक्रमों में होने वाले नृत्यों का हवाला देते हुए रेस्ट हाउस के इस आयोजन को भी कला से जोड़ दिया।
CG NEWS : मंत्री के इस बयान पर कांग्रेस ने कड़ा विरोध जताया है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने इसे छत्तीसगढ़ की संस्कृति का अपमान बताया। उन्होंने कहा कि अश्लील डांस को कला बताना राज्य की परंपरा और सांस्कृतिक मूल्यों के खिलाफ है। दीपक बैज ने आरोप लगाया कि भाजपा के मंत्री जिस गतिविधि को कला कह रहे हैं, वह छत्तीसगढ़ की संस्कृति से मेल नहीं खाती और यह केवल भाजपा की सोच को दर्शाता है, न कि प्रदेश की सांस्कृतिक पहचान को।











