CG NEWS : रोशन सेन / माकड़ी : क्षेत्र का प्रसिद्ध “हिडन ब्रिज”, जो कभी अपनी प्राकृतिक सुंदरता और शांत वातावरण के लिए लोगों की पहली पसंद हुआ करता था, अब एक बार फिर अपनी खोई हुई पहचान वापस पाने की ओर बढ़ रहा है। वन विभाग द्वारा विकसित यह स्थल शुरुआती वर्षों में बेहद आकर्षक और साफ-सुथरा रहा, जहां दूर-दूर से लोग घूमने और पिकनिक मनाने पहुंचते थे।
CG NEWS : लेकिन समय के साथ कुछ असामाजिक तत्वों और नशा करने वाले लोगों ने इस स्थान को अपना अड्डा बना लिया। नतीजतन, यहां गंदगी फैलने लगी और ब्रिज की संरचना को भी काफी नुकसान पहुंचा। धीरे-धीरे यह खूबसूरत जगह लोगों की नजरों से ओझल होने लगी।
CG NEWS : इसी हालात को बदलने का संकल्प लिया मकड़ी के दो युवाओं—शिवा और सुमित ने। उन्होंने ठान लिया कि “हिडन ब्रिज” को फिर से पहले जैसा स्वच्छ और आकर्षक बनाया जाएगा। इस नेक पहल में उनके साथ जुड़े उनके साथी—कृषांत, आदित्य, एनिमस, छोटू और लक्की।
CG NEWS : सभी ने मिलकर इस स्थल की सफाई अभियान शुरू किया। कचरे को हटाया गया, आसपास के क्षेत्र को व्यवस्थित किया गया और ब्रिज के क्षतिग्रस्त हिस्सों को सुधारने का काम भी किया गया। युवाओं की इस मेहनत ने न केवल इस जगह की तस्वीर बदलनी शुरू कर दी है, बल्कि स्थानीय लोगों में भी जागरूकता और उत्साह पैदा किया है।
CG NEWS : ग्रामीणों और आसपास के लोगों ने इस पहल की जमकर सराहना की है और उम्मीद जताई है कि यदि इसी तरह सामूहिक प्रयास जारी रहे, तो “हिडन ब्रिज” एक बार फिर से स्वच्छ, सुरक्षित और आकर्षक पिकनिक स्पॉट के रूप में विकसित होगा। यह पहल समाज के लिए एक प्रेरणा है, जो यह संदेश देती है कि यदि युवा ठान लें, तो किसी भी बिगड़ी हुई व्यवस्था को सुधारा जा सकता है।











