CG News: केशकाल पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 407 किलो गांजा के साथ राजस्थान का अंतरराज्यीय तस्कर गिरफ्तार

Sanjay Sahu
CG News

CG News: रामकुमार भारद्वाज/कोंडागांव :- जिले में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत केशकाल पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए राजस्थान के एक अंतरराज्यीय गांजा तस्कर को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से 407 किलो 910 ग्राम गांजा बरामद किया गया है, जिसकी अनुमानित कीमत 2 करोड़ 3 लाख 95 हजार 500 रुपये बताई गई है। वहीं तस्करी में इस्तेमाल की जा रही महेन्द्रा XUV-500 कार भी जब्त की गई है।

CG News: मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने की कार्रवाई

पुलिस अधीक्षक पंकज चंद्रा के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कपिल चंद्रा एवं केशकाल एसडीओपी अरुण कुमार नेताम के पर्यवेक्षण में जिलेभर में अवैध गांजा एवं शराब तस्करी के विरुद्ध अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में 3 नवंबर 2026 को पुलिस को मुखबिर से सिल्वर रंग की महेन्द्रा XUV-500 कार क्रमांक OD-10-V-7053 में गांजा परिवहन किए जाने की सूचना मिली। सूचना के आधार पर पुलिस ने संदिग्ध वाहन को रुकवाकर तलाशी ली।

78 पैकेट में छिपाकर रखा था 407 किलो गांजा

वाहन की तलाशी के दौरान ड्राइवर सीट के पीछे एवं कार की डिक्की में भूरे रंग के सेलोटेप से पैक किए गए 78 पैकेट मिले। जांच में इन पैकेटों में गांजा जैसा मादक पदार्थ पाया गया, जिसका कुल वजन 407.910 किलोग्राम था। पुलिस ने वाहन के डैशबोर्ड में रखी एक अतिरिक्त नंबर प्लेट भी बरामद की, जिस पर RJ-23-UB-8472 लिखा हुआ था।

राजस्थान का रहने वाला है गिरफ्तार आरोपी

पूछताछ में वाहन चालक ने अपना नाम दीपक कुमार माली (31 वर्ष), पिता गोपाल लालजी माली, निवासी नाथूखेड़ी, जिला प्रतापगढ़, राजस्थान बताया। तलाशी के दौरान उसके पास से एक रेडमी कंपनी का मोबाइल फोन एवं 1100 रुपये नगद भी बरामद हुए। पुलिस ने गांजा, वाहन एवं अन्य सामग्री को विधिवत जब्त कर आरोपी को गिरफ्तार किया।

2 करोड़ 18 लाख 96 हजार 600 रुपये की संपत्ति जब्त

पुलिस के अनुसार बरामद गांजे की कीमत 2,03,95,500 रुपये तथा महेन्द्रा XUV-500 कार की कीमत 15 लाख रुपये आंकी गई है। इस प्रकार जब्त सामग्री की कुल अनुमानित कीमत 2,18,96,600 रुपये बताई गई है। आरोपी के विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(ख) के तहत मामला दर्ज कर उसे न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया है।

CG News: इन पुलिसकर्मियों की रही अहम भूमिका

CG News: इस पूरी कार्रवाई में थाना प्रभारी रितेश मिश्रा, उपनिरीक्षक कंवल सिंह शोरी, सहायक उपनिरीक्षक भगत सिंह नेताम, सुरेश मरकाम, प्रधान आरक्षक ईश्वर नेताम, संजय बिसेन, आरक्षक सदासिंह नेताम, मनोहर निषाद, धर्मेन्द्र नेगी, रामुलाल नेताम, दिनेश मरकाम, अजय सलाम, सहायक आरक्षक उमेश दास मानिकपुरी एवं नगर सैनिक आत्मानंद कुलदीप की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

Share The News
TAGGED:
Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *