CG NEWS: राजनांदगांव जिले के डोंगरगढ़ में इसाफ स्मॉल फाइनेंस बैंक के कलेक्शन एजेंट मयूर कुमार अडमे ने कर्ज से राहत पाने और बैंक की वसूली रकम के दो लाख रुपये बचाने के लिए एक फिल्मी लूट की झूठी पटकथा रच दी। मयूर ने बोरतलाव थाना में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि महाराष्ट्र से रकम वसूलकर लौटते वक्त चेन्द्री माता मंदिर के पास नकाबपोश बदमाशों ने उसे घेर लिया और दो लाख रुपये नकद, बाइक, मोबाइल, सोने की बाली व चांदी का ब्रेसलेट लूट लिए।

CG NEWS: पुलिस ने जांच में जब डोंगरगढ़-बोरतलाव मार्ग के सीसीटीवी कैमरे खंगाले और तकनीकी साक्ष्य के साथ कॉल डिटेल की जांच की, तो पूरा मामला फर्जी निकला। पूछताछ में मयूर ने कबूल किया कि उसने कर्ज से बचने के लिए यह योजना बनाई थी। उसने रकम अपने घर में और बाइक समेत अन्य सामान बोरतलाव ओवरब्रिज के नीचे छिपा दिया था। पुलिस ने तत्परता से कार्रवाई करते हुए पूरा माल बरामद कर मयूर को गिरफ्तार कर लिया है, जिसके खिलाफ अब संबंधित धाराओं में कानूनी कार्रवाई की जा रही है।













