CG NEWS : कृष्णा नायक सुकमा/ सुकमा :- जिला सुकमा के ग्राम टोंडामारका क्षेत्र में आज 131 बटालियन सीआरपीएफ के कमांडेंट दीपक कुमार साहू की उपस्थिति में एक सिविक एक्शन कार्यक्रम का सफल आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में ग्राम एल्मागुड़ा, मुरियापारा, भाटपारा, मिसीपारा, कन्हैमारका, गुंदराजपारा तथा टोंडामारका के बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने भाग लिया। कार्यक्रम का संचालन सहायक कमांडेंट संजय कुमार तथा निरीक्षक (जीडी) पाटिल किरण प्रहलाद द्वारा बी/131 वाहिनी की टीम के साथ किया गया।
CG NEWS : इस अवसर पर ग्रामीणों को उनकी आवश्यकतानुसार उपयोगी सामग्री वितरित की गई। साथ ही, चिकित्सा अधिकारी डॉ. मोहित मीणा द्वारा एक मेडिकल कैम्प का आयोजन किया गया, जिसमें महिलाओं, पुरुषों एवं बच्चों का सामान्य स्वास्थ्य परीक्षण कर उन्हें आवश्यक दवाइयाँ प्रदान की गईं। ग्रामीणों को मलेरिया से बचाव के उपायों तथा समय पर उपचार के महत्व के बारे में भी जागरूक किया गया। कार्यक्रम के दौरान उपस्थित सभी ग्रामीणों के लिए भोजन की व्यवस्था भी की गई।
CG NEWS : उल्लेखनीय है कि चिंतागुफा थाना क्षेत्र का ग्राम टोंडामारका पूर्व में नक्सल गतिविधियों के लिए संवेदनशील क्षेत्र माना जाता था। यहाँ नक्सलियों की निरंतर उपस्थिति रहती थी। किंतु टोंडामारका में सीआरपीएफ कैम्प की स्थापना के बाद स्थिति में सकारात्मक परिवर्तन आया है। सीआरपीएफ अधिकारियों द्वारा समय-समय पर ग्रामीणों के साथ बैठक कर उन्हें यह विश्वास दिलाया गया कि बल की तैनाती उनके विकास एवं सुरक्षा के लिए है। इसके परिणामस्वरूप ग्रामीणों और सीआरपीएफ के बीच आपसी विश्वास एवं सहयोग में उल्लेखनीय वृद्धि हुई है।
CG NEWS : कार्यक्रम के दौरान केंद्र सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी भी ग्रामीणों को विस्तारपूर्वक दी गई। सहयोग के लिए सदैव तत्पर वर्तमान में चिंतागुफा थाना क्षेत्र के ग्राम टोंडामारका में बी/131वीं वाहिनी तैनात है। सिविक एक्शन कार्यक्रम एवं स्वास्थ्य शिविर सीआरपीएफ की नियमित गतिविधियाँ हैं, जिनका उद्देश्य दुर्गम क्षेत्रों में रहने वाले ग्रामीणों तक सहायता पहुँचाना है। सीआरपीएफ का मानना है कि क्षेत्र के सभी ग्रामीण उनके परिवार के सदस्य हैं। उनकी सुरक्षा, विकास एवं समस्याओं के समाधान के लिए बल सदैव प्रतिबद्ध एवं तत्पर रहेगा।











