CG NEWS : दुर्ग : दुर्ग जिले के भिलाई स्थित खुर्सीपार इलाके में एक गैस एजेंसी में उस समय विवाद की स्थिति बन गई, जब बाउंसर और ग्राहक के बीच मारपीट हो गई। घटना शताक्षी गैस एजेंसी की है, जहां गैस लेने पहुंचे एक युवक के साथ बाउंसरों ने कथित तौर पर धक्का-मुक्की और मारपीट की। इस पूरी घटना का वीडियो भी सामने आया है, जिससे अन्य ग्राहकों में नाराजगी देखने को मिली।
CG NEWS : जानकारी के मुताबिक, गैस सिलेंडर की किल्लत के चलते एजेंसी में सुबह से ही लंबी कतार लगी हुई थी। भीड़ को नियंत्रित करने के लिए एजेंसी संचालकों ने बाउंसर तैनात किए थे। इसी दौरान लाइन में खड़े एक युवक और बाउंसर के बीच कहासुनी हो गई, जो देखते ही देखते मारपीट में बदल गई। आरोप है कि बाउंसरों ने न सिर्फ युवक, बल्कि अन्य ग्राहकों के साथ भी दुर्व्यवहार किया।
CG NEWS : सूचना मिलने पर खुर्सीपार थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को संभाला। पुलिस ने मौके पर मौजूद लोगों से पूछताछ की है। हालांकि, अब तक किसी भी पक्ष की ओर से लिखित शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है। पुलिस का कहना है कि शिकायत मिलने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
CG NEWS : इस मामले में तीन बाउंसरों—हरिओम चौधरी, विकास सिंह और विक्की विश्वकर्मा—के खिलाफ प्रतिबंधात्मक धाराओं के तहत कार्रवाई की जा रही है। स्थानीय लोगों ने एजेंसी में अव्यवस्था और ग्राहकों के साथ खराब व्यवहार का आरोप लगाते हुए प्रशासन से सख्त कार्रवाई की मांग की है।











