CG NEWS : बलौदाबाजार। छत्तीसगढ़ के बलौदाबाजार जिले में 10 जून 2024 को कलेक्टर और एसपी कार्यालय में हुई आगजनी की घटना के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। बलौदाबाजार पुलिस ने जोहार छत्तीसगढ़ और छत्तीसगढ़ क्रांति सेना के प्रमुख अमित बघेल को प्रोडक्शन वारंट पर रायपुर जेल से गिरफ्तार कर सीजेएम न्यायालय में पेश किया है।
CG NEWS : इस हाई-प्रोफाइल मामले में अब तक कई गिरफ्तारियां हो चुकी हैं, हालांकि पुलिस की ओर से यह स्पष्ट नहीं किया गया है कि घटना के करीब 19 महीने बाद अमित बघेल और उनके साथियों की गिरफ्तारी किन आधारों पर की गई है। फिलहाल इस संबंध में कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।
CG NEWS : गिरफ्तारी के बाद अमित बघेल ने आरोपों को सिरे से खारिज करते हुए कहा कि यह पूरी कार्रवाई एक साजिश का हिस्सा है। उन्होंने दावा किया कि घटना के दिन वह एक सामाजिक कार्यकर्ता के रूप में मौके पर मौजूद थे और आगजनी से उनका कोई लेना-देना नहीं है। अमित बघेल ने कांग्रेस और भाजपा दोनों दलों पर आरोप लगाते हुए कहा कि छत्तीसगढ़ क्रांति सेना के बढ़ते प्रभाव से घबराकर यह कदम उठाया गया है।
CG NEWS : वहीं, जोहार छत्तीसगढ़ के प्रदेश प्रवक्ता चंद्रकांत यदु ने भी गिरफ्तारी को राजनीतिक दबाव का परिणाम बताया। उन्होंने कहा कि सरकार चाहे जो भी कार्रवाई करे, संगठन डरने वाला नहीं है और आने वाले समय में इसका कड़ा जवाब दिया जाएगा। पुलिस द्वारा मामले की जांच जारी है और आगे की कार्रवाई कोर्ट के निर्देशों के अनुसार की जाएगी।











