CG Crime: कवर्धा। कबीरधाम पुलिस ने सूदखोरी और ब्लैकमेलिंग के गंभीर मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए कवर्धा की अमीना ताज और उसके सहयोगी ड्राइवर राकेश साहू को गिरफ्तार किया है। दोनों पर जरूरतमंद लोगों को ऊंची ब्याज दर पर कर्ज देकर मानसिक और आर्थिक रूप से प्रताड़ित करने का आरोप है।
CG Crime: पुलिस के अनुसार, एक व्यक्ति ने अमीना ताज से 50 हजार रुपए उधार लिए थे, लेकिन उसने ब्याज समेत करीब 6 लाख रुपए वसूल लिए। इसके बावजूद अमीना ने ब्लैंक चेक और झूठे मुकदमों की धमकी देकर लगातार ब्लैकमेलिंग की। आरोपी खुद को रसूखदार बताकर पुलिस में शिकायतें खारिज करवा देने की धमकी भी देती थी।
CG Crime: जांच में सामने आया है कि अमीना का सहयोगी राकेश साहू लोगों के घर जाकर वसूली करता था और डराने-धमकाने के साथ मारपीट भी करता था। हाल ही में सोशल मीडिया पर वायरल हुए एक ऑडियो में अमीना को पीड़ित को धमकाते सुना गया, जिसके बाद पुलिस ने तत्काल एक्शन लिया।
CG Crime: कोतवाली पुलिस की टीम ने दोनों आरोपियों के घर और ऑफिस में दबिश दी, जहां से उधारी के दस्तावेज, ब्लैंक चेक, रजिस्टर और कई अहम कागजात जब्त किए गए। साथ ही चार अन्य पीड़ितों की शिकायतों को भी जांच में शामिल किया गया है।
CG Crime: यह कार्रवाई एसपी धर्मेन्द्र सिंह के निर्देशन और एएसपी पुष्पेन्द्र बघेल के मार्गदर्शन में की गई। पुलिस ने साफ किया है कि अपराधियों की यह सोच कि “पुलिस उनका कुछ नहीं कर सकती” पूरी तरह बेबुनियाद है। आम नागरिकों से अपील की गई है कि वे अवैध सूदखोरों से कर्ज लेने से बचें और जरूरत पड़ने पर केवल अधिकृत बैंक या सहकारी संस्थाओं से ही ऋण लें।











