CG Crime News : सूरजपुर । सोशल मीडिया पर फर्जी सपने बेचकर युवतियों को फंसाने वाले शातिर आरोपी को सूरजपुर पुलिस ने बिहार के पटना से गिरफ्तार किया है। आरोपी ने फिल्म इंडस्ट्री में काम दिलाने का झांसा देकर युवती से न केवल दुष्कर्म किया बल्कि अश्लील वीडियो बनाकर वायरल करने की धमकी देकर ब्लैकमेल भी करता रहा।
CG Crime News : इंस्टाग्राम से शुरू हुई दोस्ती, पटना बुलाकर किया गंदा खेल
पीड़िता ने चांदनी थाना में 1 जुलाई को रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि वर्ष 2023 में उसकी इंस्टाग्राम पर पटना निवासी चिंतामणी नामक युवक से दोस्ती हुई थी। आरोपी ने उसे फिल्मों में हीरोइन-सिंगर बनाने और हर महीने 1.5 लाख रुपये सैलरी दिलाने का सपना दिखाया। भरोसा जीतने के बाद आरोपी ने युवती को पटना बुला लिया।
पटना पहुंचते ही आरोपी ने उसे एक किराए के कमरे में बंद कर दिया और मोबाइल भी छीन लिया। इसके बाद आरोपी ने युवती के साथ जबरन दुष्कर्म किया और मानसिक रूप से प्रताड़ित करता रहा।
CG Crime News
वायरल करने की धमकी देकर दोबारा बुलाया, फिर किया शोषण
करीब एक महीने बाद किसी तरह युवती आरोपी के चंगुल से भागकर अपने घर लौटी। मगर आरोपी ने उसका पीछा नहीं छोड़ा। फोन कर पैसे की मांग करने लगा और अश्लील वीडियो वायरल करने की धमकी दी। डर की वजह से युवती फिर पटना गई, जहां आरोपी ने दोबारा उसके साथ दुष्कर्म किया और उसकी वीडियो व तस्वीरें सोशल मीडिया पर फर्जी आईडी से वायरल कर दीं।
सूरजपुर पुलिस की टीम ने पटना में दबिश देकर किया गिरफ्तार
मामले में गंभीरता दिखाते हुए थाना चांदनी की पुलिस टीम ने बिहार के पटना में दबिश दी और आरोपी चिंतामणी (उम्र 35 वर्ष) को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में उसने अपने अपराध को कबूल किया। आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने वीडियो बनाने और वायरल करने में इस्तेमाल किए गए 1 लैपटॉप और 2 मोबाइल फोन जब्त किए हैं।
पुलिस टीम रही सक्रिय
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी जयनगर रूपेश कुंतल, प्रधान आरक्षक इशित बेहरा, दीपक दुबे, सुशील तिवारी और आरक्षक विकास मिश्रा की अहम भूमिका रही। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में अपराध पंजीबद्ध कर न्यायालय में प्रस्तुत किया है।











