Tuesday, September 29, 2026
Home Madhya Pradesh Burhanpur Water Issue : नेपानगर: टंकी सफाई का गंदा पानी घरों में...

Burhanpur Water Issue : नेपानगर: टंकी सफाई का गंदा पानी घरों में घुसा, पेयजल परियोजना की लापरवाही पर रहवासियों का हंगामा

Burhanpur Water Issue : बुरहानपुर (नेपानगर)। नगर की डिफेंस कॉलोनी में 34 करोड़ की पेयजल परियोजना रहवासियों के लिए सुविधा के बजाय मुसीबत का सबब बनती जा रही है। मंगलवार को निजी कंपनी द्वारा पानी की टंकी की सफाई के दौरान समुचित निकासी व्यवस्था न होने के कारण सारा गंदा पानी रहवासियों के घरों में घुस गया। इस अव्यवस्था को लेकर स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश देखा गया, क्योंकि यह समस्या हर महीने की बन चुकी है।

घरों में भरा कीचड़ और गंदा पानी जानकारी के अनुसार, नेपानगर के 19 वार्डों में जल वितरण के लिए नई पेयजल परियोजना शुरू की गई है। डिफेंस कॉलोनी में स्थित पानी की टंकी की हर महीने सफाई की जाती है। दोपहर में जब निजी कंपनी के कर्मचारियों ने टंकी साफ की, तो हजारों लीटर गंदा और कीचड़युक्त पानी सड़कों पर बहने लगा और देखते ही देखते कई घरों के भीतर तक घुस गया। हालात इतने खराब थे कि लोगों को घर के बाहर मिट्टी डालकर पानी रोकने का प्रयास करना पड़ा, लेकिन फिर भी सफलता नहीं मिली।

रहवासियों की शिकायत: “दो दिन सफाई में बीत जाते हैं” आक्रोशित रहवासियों ने बताया कि वे हर महीने इस समस्या से जूझते हैं। टंकी की सफाई करना अच्छी बात है, लेकिन कंपनी द्वारा पानी निकासी की कोई स्थायी व्यवस्था नहीं की गई है। गंदा पानी घरों में घुसने से न केवल घरेलू सामान खराब हो रहा है, बल्कि बीमारी फैलने का डर भी बना रहता है। कॉलोनी की सड़कों पर कीचड़ जमा होने से राहगीरों का चलना भी दूभर हो गया है।

व्यवस्था सुधारने की मांग रहवासियों ने प्रशासन और संबंधित निजी कंपनी से मांग की है कि टंकी की सफाई के दौरान पानी की निकासी के लिए पाइपलाइन या ड्रेनेज की समुचित व्यवस्था की जाए। यदि भविष्य में यही स्थिति रही, तो कॉलोनीवासी उग्र आंदोलन के लिए विवश होंगे।

Share The News

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here