Saturday, September 26, 2026
Home Madhya Pradesh M.P News : बुरहानपुर में गर्मी का कहर! 44 डिग्री तापमान से...

M.P News : बुरहानपुर में गर्मी का कहर! 44 डिग्री तापमान से बेहाल लोग, मंदिरों में भगवान को भी दी जा रही ठंडक

निशानेबाज न्यूज़ डेस्क :  मध्यप्रदेश के बुरहानपुर जिले में भीषण गर्मी का असर लगातार बढ़ता जा रहा है। दोपहर के समय तापमान 42 से 44 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने लगा है। लगातार बढ़ती गर्मी और गर्म हवाओं ने आमजन की दिनचर्या प्रभावित कर दी है। लोग जरूरी काम होने पर ही घरों से बाहर निकल रहे हैं, जबकि बाजारों में दोपहर के समय सन्नाटा पसरा दिखाई दे रहा है।

शीतल पेय पदार्थों की बढ़ी मांग

गर्मी से राहत पाने के लिए लोग अब पारंपरिक और ठंडे पेय पदार्थों का सहारा ले रहे हैं। शहर के बाजारों में गन्ने का रस, आम का ज्यूस, शिकंजी, नमकीन छाछ और आइसक्रीम की बिक्री तेजी से बढ़ी है।

ग्रामीण इलाकों में कैरी का पना, बेल का शरबत, फालसा और अनार के जूस की मांग बढ़ गई है। दुकानदारों का कहना है कि पिछले कुछ दिनों में ठंडे पेय पदार्थों की बिक्री में कई गुना इजाफा हुआ है।

अस्पतालों में बढ़ रहे डिहाइड्रेशन के मामले

भीषण गर्मी का असर लोगों की सेहत पर भी पड़ रहा है। जिला अस्पताल में डिहाइड्रेशन और हीट स्ट्रोक से जुड़ी शिकायतें बढ़ने लगी हैं। जिला अस्पताल के आरएमओ डॉ. भूपेंद्र गौर ने लोगों को दोपहर में घर से बाहर न निकलने और ज्यादा से ज्यादा पानी पीने की सलाह दी है।

डॉ. भूपेंद्र गौर ने दी ये सलाह

डॉ. गौर ने कहा कि गर्मी के इस मौसम में हल्के कपड़े पहनें, सिर को ढककर रखें और तले-भुने भोजन से बचें। थोड़ी सी लापरवाही भी स्वास्थ्य के लिए खतरनाक साबित हो सकती है।

मंदिरों में भगवान के लिए विशेष ठंडक व्यवस्था

भीषण गर्मी का असर अब मंदिरों में भी देखने को मिल रहा है। बुरहानपुर के सिलमपुरा स्थित ऐतिहासिक श्री स्वामीनारायण मंदिर में भगवान को गर्मी से राहत देने के लिए विशेष इंतजाम किए गए हैं।

भगवान श्री लक्ष्मीनारायण देव और श्री हरिकृष्ण महाराज का चंदन से विशेष श्रृंगार किया जा रहा है। चंदन की मालाएं पहनाई जा रही हैं और सौंफ का भोग लगाया जा रहा है ताकि वातावरण शीतल बना रहे।

मंदिर परिसर में लगाए गए एसी और ग्रीन नेट

मंदिर के गर्भगृह में बड़े एसी लगाए गए हैं। वहीं पूरे मंदिर परिसर को ग्रीन नेट से ढक दिया गया है ताकि श्रद्धालुओं को भी राहत मिल सके। मंदिर में रोजाना बड़ी संख्या में श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंचते हैं, इसलिए प्रबंधन ने विशेष व्यवस्थाएं की हैं।

महंत चिंतनप्रियदासजी ने कही ये बात

मंदिर के महंत स्वामी चिंतनप्रियदासजी ने कहा कि भगवान की सेवा और उनकी सुविधा का ध्यान रखना हमारी आस्था का हिस्सा है। इसी कारण पूरे महीने विशेष चंदन श्रृंगार और शीतल व्यवस्थाएं की जा रही हैं।

बिजली विभाग भी अलर्ट मोड पर

गर्मी का असर बिजली व्यवस्था पर भी पड़ रहा है। लगातार बढ़ते तापमान के कारण ट्रांसफार्मर गर्म हो रहे हैं। ऐसे में बिजली विभाग ने कई जगह ट्रांसफार्मरों को ठंडा रखने के लिए कूलर और अन्य व्यवस्थाएं शुरू कर दी हैं।

बुरहानपुर में फिलहाल गर्मी से राहत के कोई संकेत नहीं हैं। मौसम विभाग ने आने वाले दिनों में तापमान और बढ़ने की संभावना जताई है।

Share The News

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here