Burhanpur Fire News 2026 : बुरहानपुर | 28 मार्च 2026 बुरहानपुर जिले के शिकारपुरा थाना क्षेत्र अंतर्गत रेणुका माता रोड पर स्थित एक बंद पड़ी जिनिंग फैक्ट्री में शनिवार को भीषण आगजनी की घटना सामने आई है। फैक्ट्री परिसर में जमा सूखे कचरे और अवशेषों में लगी आग ने कुछ ही मिनटों में भयावह रूप ले लिया। आग की लपटें इतनी ऊंची थीं कि दूर-दूर से आसमान में धुएं का गुबार देखा जा रहा था।
फायर ब्रिगेड की मशक्कत जारी घटना की सूचना मिलते ही नगर निगम बुरहानपुर की फायर फाइटर टीमें और शिकारपुरा थाना पुलिस तत्काल मौके पर पहुँची। आग की तीव्रता को देखते हुए दमकल की कई गाड़ियों को तैनात किया गया है। सूखी घास और जिनिंग के कचरे के कारण आग तेजी से फैल रही है, जिसे नियंत्रित करने के लिए फायर विभाग के कर्मचारी जी-तोड़ मेहनत कर रहे हैं।
विकराल रूप से बढ़ी चिंता प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, आग ने देखते ही देखते पूरी फैक्ट्री के बाहरी परिसर को अपनी चपेट में ले लिया। गनीमत यह रही कि फैक्ट्री बंद पड़ी थी, अन्यथा बड़ी जनहानि हो सकती थी। शिकारपुरा पुलिस ने एहतियात के तौर पर रेणुका माता रोड की ओर जाने वाले यातायात को नियंत्रित किया है ताकि दमकल की गाड़ियों को आवाजाही में दिक्कत न हो।
आग के कारणों का पता नहीं फिलहाल आग लगने का स्पष्ट कारण सामने नहीं आया है, लेकिन आशंका जताई जा रही है कि गर्मी के चलते सूखे कचरे में चिंगारी या किसी मानवीय लापरवाही से यह हादसा हुआ होगा। नगर निगम की टीम आग को आसपास की रिहायशी बस्तियों तक फैलने से रोकने में जुटी है।










