अंबेडकर जयंती के दौरान बवाल, फायरिंग में एक की मौत, दूसरा गंभीर घायल

Parivesh
अंबेडकर जयंती के दौरान बवाल

मुरैना: मध्य प्रदेश के मुरैना जिले में अंबेडकर जयंती के अवसर पर निकाली गई शोभायात्रा के दौरान दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। सिविल लाइन थाना क्षेत्र के हिंगोना गांव में डीजे की आवाज को लेकर दो समुदायों के बीच विवाद इतना बढ़ गया कि मामला फायरिंग तक पहुंच गया। इस हिंसक झड़प में संजय पिप्पल नामक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि रानू दोनेरिया गंभीर रूप से घायल हो गया है, जिसे ग्वालियर अस्पताल रेफर किया गया है।

घटना के अनुसार, भीमराव अंबेडकर जयंती पर निकली शोभायात्रा जब अपने समापन की ओर लौट रही थी, तभी रास्ते में गुर्जर समाज के कुछ लोगों ने डीजे बजाने पर आपत्ति जताई। इस बात को लेकर दोनों पक्षों में कहासुनी हुई, जो देखते ही देखते हिंसक झड़प और फायरिंग में बदल गई।

फायरिंग के दौरान संजय पिप्पल को गोली लगी, जिससे मौके पर ही उसकी मौत हो गई। वहीं, रानू दोनेरिया के दाहिने हाथ में गोली लगी है, जिसे गंभीर अवस्था में ग्वालियर रेफर किया गया है। घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल है और ग्रामीणों में भारी आक्रोश देखा गया।

सीएसपी दीपाली चंदौरिया ने जानकारी दी कि घटना में शामिल 10 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है और पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार भी कर लिया है। अन्य आरोपियों की तलाश के लिए गिरा बंदी और छापेमारी की जा रही है।

घटना के बाद मृतक के परिजनों और गांव के लोगों ने कड़ी कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने आरोपियों के घरों को बुलडोजर से गिराने और उन्हें जल्द गिरफ्तार करने की मांग को लेकर प्रदर्शन किया। घटना को देखते हुए पुलिस बल की तैनाती बढ़ा दी गई है ताकि कोई अप्रिय स्थिति उत्पन्न न हो। प्रशासन ने भी स्थिति पर कड़ी नजर रखी हुई है और मामले की गहन जांच जारी है।

Share The News
Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *