BJP National President : नई दिल्ली/रायपुर: भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय संगठन में बड़े बदलाव की प्रक्रिया आज अपने अंतिम चरण में पहुंच गई। पार्टी के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष नितिन नबीन ने सोमवार दोपहर दिल्ली स्थित भाजपा मुख्यालय में राष्ट्रीय अध्यक्ष पद के लिए अपना नामांकन पत्र दाखिल किया। इस दौरान उनके साथ गृह मंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और जेपी नड्डा जैसे शीर्ष नेता मौजूद रहे। सूत्रों के अनुसार, नितिन नबीन का निर्विरोध चुना जाना लगभग तय है और मंगलवार, 20 जनवरी को उनके नाम की आधिकारिक घोषणा के साथ ही वे पदभार ग्रहण करेंगे।
नितिन नबीन की उम्मीदवारी को देशभर की प्रदेश इकाइयों का पुरजोर समर्थन मिल रहा है। इसी क्रम में छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और छत्तीसगढ़ भाजपा के वरिष्ठ नेताओं ने दिल्ली पहुंचकर अपना समर्थन पत्र जमा किया। मुख्यमंत्री साय ने नबीन के नेतृत्व पर भरोसा जताते हुए कहा कि उनके संगठनात्मक अनुभव और युवा ऊर्जा से पार्टी को नई ऊंचाइयां मिलेंगी। छत्तीसगढ़ में प्रभारी के रूप में काम कर चुके नितिन नबीन की राज्य के नेताओं के साथ गहरी पैठ है, जो नामांकन के दौरान स्पष्ट रूप से दिखाई दी।
भाजपा के संविधान के अनुसार, राष्ट्रीय अध्यक्ष के चुनाव के लिए कम से कम पांच राज्यों से आए 20-20 निर्वाचक मंडल सदस्यों का समर्थन आवश्यक होता है। नितिन नबीन के लिए नामांकन के तीन सेट तैयार किए गए थे, जिनमें से एक पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, अमित शाह और राजनाथ सिंह के हस्ताक्षर थे। 46 वर्षीय नितिन नबीन भाजपा के इतिहास में सबसे युवा राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने जा रहे हैं, जो पार्टी में युवा नेतृत्व को बढ़ावा देने की प्रधानमंत्री मोदी की रणनीति का हिस्सा माना जा रहा है।
नामांकन प्रक्रिया पूरी होने के बाद अब मंगलवार को औपचारिकताओं के बाद उनके चुनाव की घोषणा की जाएगी। नितिन नबीन जेपी नड्डा का स्थान लेंगे, जिनका कार्यकाल ऐतिहासिक उपलब्धियों से भरा रहा। नए अध्यक्ष के सामने आगामी विधानसभा चुनावों और 2029 के लोकसभा चुनावों के लिए संगठन को मजबूत करने की बड़ी चुनौती होगी। दिल्ली में आज भाजपा शासित राज्यों के सभी मुख्यमंत्रियों और प्रदेश अध्यक्षों की मौजूदगी ने यह स्पष्ट कर दिया कि पूरी पार्टी एकजुट होकर नए नेतृत्व का स्वागत कर रही है।











