Bilaspur Crime news:बिलासपुर। तारबाहर थाना क्षेत्र में कांग्रेस नेता श्याम कश्यप पर हुए जानलेवा हमले के मामले में पुलिस ने फरार चल रहे एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के मुताबिक, कांग्रेस नेता की हत्या के लिए 5 लाख रुपये की सुपारी का लालच देकर आरोपियों से हमला कराया गया था। इस मामले में पुलिस पहले ही नितिन टेकाम और एक नाबालिग आरोपी को गिरफ्तार कर चुकी है।
पुलिस के अनुसार, 4 जुलाई 2026 की सुबह करीब 6:45 बजे श्याम कश्यप मॉर्निंग वॉक के लिए निकले थे। रेलवे अस्पताल के पास तीन नकाबपोश युवक डंडे और नुकीली वस्तु लेकर पहुंचे और गाली-गलौज करते हुए उन्हें जान से मारने की धमकी दी। इसके बाद आरोपियों ने कांग्रेस नेता के साथ मारपीट की और मौके से फरार हो गए।
घटना की शिकायत तारबाहर थाने में दर्ज होने के बाद पुलिस ने जांच शुरू की। जांच के दौरान टीम ने आसपास लगे CCTV कैमरों के फुटेज खंगाले और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर घटना में इस्तेमाल बाइक की पहचान की।
पकड़े गए आरोपियों से पूछताछ में पुलिस को अहम जानकारी मिली। पूछताछ में सामने आया कि गौरेला-पेंड्रा निवासी दीपक तिवारी ने श्याम कश्यप की हत्या के लिए आरोपियों को 5 लाख रुपये देने का लालच दिया था। इसके बाद आरोपी बिलासपुर पहुंचे और कथित तौर पर दीपक तिवारी के इशारे पर कांग्रेस नेता को निशाना बनाया।
मामले में फरार आरोपी साहिल सोनकर, निवासी समता नगर, गौरेला, जिला GPM की पुलिस लगातार तलाश कर रही थी। मुखबिर से सूचना मिलने के बाद पुलिस ने उसके घर पहुंचने के दौरान घेराबंदी कर उसे हिरासत में लिया।
Bilaspur Crime news: पूछताछ में साहिल ने अन्य आरोपियों के साथ मिलकर श्याम कश्यप पर डंडे से हमला करने की बात स्वीकार की। उसकी निशानदेही पर पुलिस ने घटना में इस्तेमाल डंडा भी बरामद कर लिया है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ BNS की धारा 296, 351(3), 115(2), 3(5), 61(2), 109 एवं 55 के तहत कार्रवाई की है। मामले में पुलिस अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है।





